करीब डेढ़ साल तक 230 फीट गहरी गुफा में रही महिला, ये थी वजह

सोशल मीडिया पर एक महिला का वीडियो वायरल हो रहा है जिसनें 500 दिनों तक 230 फीट गहरी गुफा में बिताएं। वो 20 नवंबर 2021 से लेकर 14 अप्रैल 2023 तक Granada की 230 फीट गहरी गुफा में रहीं। करीब डेढ़ साल बाद उनका एक वीडियो बीते दिन सामने आया, जिसमें उन्हें गुफा से बाहर निकलते हुए दिखाया गया। महिला का नाम बीट्रिज फ्लेमिनी (Beatriz Flamini) है और वे स्पेन की रहने वाली है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक पर्वतारोही बीट्रिज जब 48 साल की थीं, तब उन्होंने एक रिसर्च के लिए गुफा में जाने का फैसला किया था। बीट्रिज ने 230 फीट गहरी गुफा में अकेले ही 500 दिन बिताए।

जब बीट्रिज ने गुफा में रहने का निर्णय लिया था तब ब्रिटेन की क्वीन एलिजाबेथ द्वितीय जिंदा थीं। रूस-यूक्रेन युद्ध भी नहीं शुरू हुआ था। कोरोना दुनिया पर कहर ढा रहा था। ऐसे में अब गुफा से बाहर निकलने पर बीट्रिज को लग रहा है कि जैसे दुनिया बदल गई है। बाहर आकर बीट्रिज ने कहा- गुफा में रहते हुए अपनी भावनाओं पर काबू रखा। डरी मगर घबराई नहीं। मैंने मन में खूब बातचीत की।

बीट्रिज ने गुफा में अपने दो बर्थडे भी मनाए। गुफा के अंदर बीट्रिज का ज़्यादातर वक्त व्यायाम करने में बीतता। इसके अलावा वो ड्रॉइंग करतीं, कपड़े बुनती और किताबें पढ़तीं। इन 500 दिनों में बीट्रिज ने करीब 1000 लीटर पानी पिया। लेकिन स्नान नहीं कर सकीं। बता दे, सपोर्ट के लिए एक टीम हर समय बाहर से बीट्रिज की निगरानी कर रही थी।

गुफा में जाने के पीछे की वजह

दरअसल, कुछ साइकोलॉजिस्ट, रिसर्चर और गुफाओं पर शोध करने वाले लोग मिलकर एक स्टडी कर रहे थे, जिसका मकसद इंसानी बॉडी और दिमाग की क्षमताओं को जानना था। स्टडी के जरिए ये पता लगाया गया कि सुनसान जगहों (गुफा, जंगल आदि) में अकेले रहने से इंसान के शरीर और उसके हावभाव में क्या परिवर्तन आते हैं। इसी के लिए बीट्रिज गुफा में रहने के लिए तैयार हुई थीं। अब उनकी बॉडी की जांच के बाद निष्कर्ष निकाले जाएंगे।