दोस्तों के साथ खुफिया पार्टी करना दूल्हे को पड़ा भारी, दुल्हन को पता लगते ही छोड़ी शादी!

शादी जीवन का महत्वपूर्ण फैसला होता हैं जिसमें लड़के और लड़की के बीच का रिश्ता भरोसे पर टिका होता हैं। लेकिन जब यह भरोसा टूटता हैं तो रिश्ता भी टूटने का डर बना रहता हैं। ऐसा ही एक हैरान करने वाला मामला सामने आया जहां दोस्तों के साथ खुफिया पार्टी करना दूल्हे को भारी पड़ा और दुल्हन को इसके बारे में पता लगते ही उसने शादी छोड़ दी। महिला ने यह जानकारी सोशल मीडिया साइट रेडिट पर शेयर की और अपनी दुविधा को दूर करने के लिए लोगों से मदद मांगी। महिला ने पोस्ट में लिखा कि उसने रिलेशनशिप में कुछ वैल्यूज बनाई थीं जिनके भरोसे वो रिश्ता चला रही थी मगर मंगेतर ने उन मूल्यों को तोड़कर उसका दिल दुखाया है। सोशल मीडिया पर भी लोग उसके सपोर्ट में हैं।

महिला ने बताया कि 3 हफ्ते बाद उसकी शादी होने वाली है। उसने और उसके मंगेतर ने तय किया था कि दोनों शादी से पहले अपने दोस्तों के साथ बैचलर और बैचलरेट पार्टी करेंगे। महिला ने कहा कि वो खूबसूरत जगह पर बने कैबिन में अपनी सहेलियों के साथ दिन बिताने गई थी जहां उन्हें स्पा का आनंद उठाना था। जबकि मंगेतर और उसके दोस्तों को किसी और स्पा में ऐसा ही करना था।

डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक जब शख्स पार्टी से लौटा तो उसने अपनी होने वाली पत्नी से बताया कि उसके दोस्तों ने बिना उसे बताए स्ट्रिप क्लब में पार्टी रख दी थी। स्ट्रिप क्लब वो जगह होती है जहां महिलाएं न्यूड होकर परफॉर्म करती हैं। ये सुनते ही महिला आगबबूला हो गई। उसने अपने होने वाले पति से पूछा कि कुछ महीनों पहले ही जब उसने ऐसा करने से उसे मना कर दिया था तो फिर उसने उसकी बात क्यों नहीं मानी। शख्स काफी समझाने की कोशिश करता रहा मगर महिला उस दिन अपनी बहन के यहां रहने चली गई। इसके बाद उसने शादी करने से ही इनकार कर दिया। शख्स ने उसे काफी मनाने की कोशिश की मगर महिला अब उस शख्स से शादी नहीं करना चाहती। उसने बताया कि उसकी बहन का कहना है कि वो ओवररिएक्ट कर रही है क्योंकि उसने खुद अपनी शादी में पति की बैचलर पार्टी के लिए स्ट्रिपर हायर किया था।