रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने कर डाली महिलाओं से 10 बच्चे पैदा करने की पेशकश! लेकिन क्यों?

दुनियाभर में आबादी बढ़ती ही जा रही हैं और बढ़ती जनसंख्या के कारण संसाधनों की कमी का सामना करना पड़ रहा हैं। कई देशों में तो इस कारण भुखमरी के आंकड़े में इजाफा देखने को मिल रहा हैं। विभिन्न देशों की सरकारें जनसंख्या नियंत्रण के प्रयास कर रही हैं। इसके उलट रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने महिलाओं से 10 बच्चे पैदा करने की पेशकश की हैं जिसने सभी को हैरान कर दिया। इसके लिए सरकार महिलाओं को 13 लाख रुपये भी देगी। पुतिन के इस आदेश की दुनिया में आलोचना भी हो रही है।

रूस के राष्ट्रपति ने देश में घटती आबादी के संकट को दूर करने के लिए देश की महिलाओं को 10 या इससे ज्यादा बच्चे पैदा करने को कहा है। पुतिन ने इस निर्देश के साथ ही एक और घोषणा की है। रूस की सरकार 10 बच्चों के पालन पोषण के लिए माताओं को 13 हजार पाउंड (13 लाख रुपये) देगी। कोरोना महामारी और यूक्रेन के साथ युद्ध की वजह से रूस में जनसंख्या संकट खड़ा हुआ है। इस संकट से देश को निकालने के लिए रूस ने देश की महिलाओं के सामने इस तरह की पेशकश की है। कुछ एक्सपर्ट्स का कहना है कि रूस ने हताशा में यह निर्णय लिया है।

राष्ट्रपति ने कहा कि अगर देश की महिलाएं 10 बच्चों को जन्म देती हैं, तो उन्हें ‘मदर हीरोइन’ अवार्ड दिया जाएगा। इस स्कीम के तहत सरकार महिलाओं को इनाम के तौर 13 लाख रुपये देगी। लेकिन यह अवार्ड उन्हीं महिलाओं को दिया जाएगा जो रूसी संघ की नागरिक होंगी। सरकार के निदेश में यह भी कहा गया है कि अगर किसी मां के बेटे की आपात हालात और आतंकी हमले में मौत होती है, तो भी उसे यह सम्मान दिया जाएगा।