इस लंगूर ने कर रखा था पुलिस वालों को परेशान, भाग जाता था कान मरोड़कर

पुलिस का नाम सुनते ही अपराधियों में डर पैदा होने लगता हैं और आमजन भी सहम जाते हैं। लेकिन ऐसा बहुत कम देखने को मिलता हैं की पुलिस को किसी का डर हो। लेकिन आज इस कड़ी में हम आपको ऐसी सच्चाई बताने जा रहे हैं जो आपको हैरान कर देगी क्योंकि यहां खुद पुलिस वाले परेशान थे। हम बात कर रहे हैं मध्य प्रदेश के बैतूल की जहां एक लंगूर ने पुलिस की नाक में दम कर दिया था और वह उनके कान मरोड़कर भाग जाता था। यह लंगूर बीते 10 दिनों से थाने के स्टाफ का जीना मुहाल कर चुका है। बताया जा रहा है लंगूर बार-बार थाने में घुस जाता था और बेंचों पर बैठा रहता था।

उसके बाद कभी कभी वह टेबल पर धमक पड़ता है। केवल यही नहीं बल्कि कभी-कभी यह लंगूर पुलिसकर्मियों के साथ उनकी बाइक पर भी बैठ जाता है। वहीं उसके बाद वह पुलिसकर्मियों के कान पकड़कर खींचता और भाग जाता था। बताया जा रहा है कई बार इस लंगूर की वजह से पुलिसकर्मियों को अपने आपको कमरे में भी बंद करना पड़ा है। वैसे अब इस लंगूर को पकड़ा जा चुका है। मिली जानकारी के मुताबिक इसके पूरे पुलिस स्टेशन को ही नहीं बल्कि पूरे शहर के लोगों को परेशान कर रखा था।

अब पुलिसकर्मियों ने वन विभाग की मदद से इस लंगूर को जाल बिछाकर पकड़ लिया और उसके बाद उसे पिंजरे में डालकर करीबी मोवाड़ के जंगल मे छोड़ दिया है। इस बारे में रेंजर आमला आरएस उइके का कहना है कि, 'लंगूर की वजह से लोग और पुलिस दहशत में थे। हालांकि लंगूर ने किसी को कोई चोट नहीं पहुंचाई। पुलिस को काम करने में काफी परेशानी होने लगी थी। हमने इसे पकड़कर जंगल में भेज दिया है। इससे लोगों ने काफी राहत की सांस ली है।'