वरमाला के स्टेज पर ही दुल्हन ने दूल्हे से पूछ लिया 2 का पहाड़ा और टूट गई शादी

शादी के रिश्ते की डोर बहुत नाजुक होती हैं जिसमें झूठ के लिए कोई जगह नहीं होती हैं जिसका एक अनोखा नजारा देखने को मिला उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के पनवाड़ी थाना क्षेत्र में जहां एक दुल्हन ने दूल्हे का सच जान लिया और शादी तोड़ दी। यहां एक शादी में बारात पहुंची और वरमाला का कार्यक्रम शुरू हुआ। इसी दौरान दुल्हन को किसी तरह ये पता चल गया कि दूल्हा पढ़ा-लिखा नहीं है। इस चीज की जांच करने के लिए दुल्हन ने वरमाला के स्टेज पर ही दूल्हे से 2 का पहाड़ा पूछ लिया। दूल्हा जब दो का पहाड़ा नहीं पढ़ पाया, तो दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया।

दुल्हन को शादी से मना करने की बात दूल्हे पक्ष को नागंवार गुजरी और उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। काफी समय तक मनाने के बाद भी जब दुल्हन शादी के लिए नहीं मानी, तो दोनों पक्षों ने शादी रद्द करने का फैसला। लेकिन ये मामला पनवाड़ी थाने तक पहुंच गया। पुलिस ने विवाद को खत्म करने के लिए लड़का और लड़की दोनों पक्षों से सुलहनामे पर हस्ताक्षर कराया।

सुलहनामे के दौरान लड़का पक्ष ने लड़की पक्ष को खाने और अन्य चीजों पर हुए खर्च के लिए 4 लाख रुपया चुकाया। इसके साथ ही दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के दिए हुए समानों को भी वापस किया। पनवाड़ी थाना पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों के विवादों को सुलहनामे के माध्यम से सुलझा लिया गया। बता दें कि दोनों पक्षों के बीच में हुए सुलहनामे में यह भी लिखा गया कि दोनों पक्ष एक दूसरे पर कोई कानूनी कार्रवाई नहीं करेंगे।