शख्स ने पानी के अंदर बनाया अनोखा वर्ल्ड रिकॉर्ड, दर्ज हुआ गिनीज बुक में नाम

लॉकडाउन के इस समय में लोग अपने मनमुताबिक समय व्यतीत कर रहे हैं और कई नई चीजें सीखने की कोशिश कर रहे हैं। इसी के साथ ही कई लोग अपने हुनर को भी निखारने का काम कर रहे हैं। ऐसे में आज हम आपको एक ऐसे शख्स के बारे में बताने जा रहे हैं जिसने अपने हुनर में निखार लाकर गिनीज बुक में नाम दर्ज करवाया हैं। हम बात कर रहे हैं अमेरिका के रहने वाले ग्रेग विटस्टॉक, जिन्होंने पानी के अंदर 50 किलो का वजन उठाकर 62 बेंच प्रेस लगाए। हैरानी की बात तो यह रही कि जब तक उन्होंने अपना टास्क खत्म नहीं कर लिया, तब तक पानी के अंदर सांस भी रोक कर रखी। यह वर्ल्ड रिकॉर्ड उन्होंने अमेरिका के इलिनोइस की सेंट चार्ल्स लेक (झील) में बनाया।

ग्रेग का कहना है कि पानी के अंदर 62 बेंच प्रेस लगाना मजेदार भी था और डरावना भी। उनका वीडियो भी बनाया गया है, जिसे 'गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड' ने अपने फेसबुक पेज पर शेयर किया है। वीडियो को अब तक छह लाख से भी ज्यादा लोग देख चुके हैं जबकि आठ हजार से ज्यादा लोगों ने उसे लाइक किया है।

हालांकि ग्रेग के लिए ये कोई नई बात नहीं है। उन्होंने पिछले साल भी पानी के अंदर 42 बेंच प्रेस लगाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था। इस बार तो उन्होंने अपना ही वर्ल्ड रिकॉर्ड ध्वस्त कर नया रिकॉर्ड बनाया है। ग्रेग का वर्ल्ड रिकॉर्ड वाकई काबिलेतारीफ है, क्योंकि पानी के अंदर ऐसा करना जानलेवा भी साबित हो सकता है।