कोबरा को काटकर सूप बनाने जा रहा था शख्स, कटे हुए फन ने डसा; हुई मौत

चीन में सांप को बड़े चाव से खाया जाता है लेकिन यहां, एक शख्स को सांप का सूप बनाना भारी पड़ गया। शख्स सांप को काटकर सूप बना रहा था तभी कटे हुए सांप ने ही उसे काट लिया और उसकी मौत हो गई। दरअसल, यह घटना दक्षिणी चीन के फोशान शहर की है। 'डेली स्टार' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, यहां स्थित एक होटल में यह घटना हुई है। होटल का एक शेफ कोबरा सांप को काटकर उसका सूप बनाने जा रहा था। इसके लिए उसने कोबरा के कई टुकड़े कर दिए थे और उसके फन को भी उसने काटकर अलग कर दिया था। कुछ समय बाद उसने कटे हुए फन को फेंकने के लिए उठाया। लेकिन कोबरा के कटे हुए फन ने उस शेफ को काट लिया। जैसे ही कोबरा ने उसे काटा वह अचानक जमीन पर गिर गया और वहां हड़कंप मच गया। होटल के मालिक ने तत्काल डॉक्टर को फोन किया लेकिन उसकी हालत लगातार बिगड़ती ही जा रही थी। आखिरकार जब तक डॉक्टर वहां पहुंचते, उसकी मौत हो चुकी थी। उसकी मौत के बाद किसी को कुछ समझ में नहीं आया कि क्या किया जाए।

होटल में आए एक ग्राहक ने इस घटना को बयां किया। उन्होंने कहा कि हम अपनी पत्नी के जन्मदिन के लिए होटल में खाना खा रहे थे, तभी अचानक हंगामा शुरू हुआ। हम उस ओर गए तो देखा यह घटना हो गई थी। लोगों को आश्चर्य हो रहा था कि कैसे कटे हुए कोबरा के फन ने उसे काट लिया और उसकी मौत हो गई। बता दें कि चीन के कई इलाकों में में जहरीले कोबरा सांप के मास से बने सूप को खूब पसंद किया जाता है। ज्यादातर होटलों में ये सूप मिलता है।