60.14 लाख रुपए में बिकी स्टीव जॉब्स के दस्तखत वाली फ्लॉपी

अक्सर आपने देखा होगा की नामी हस्तियों की दस्तखत की गई चीजें नीलामी में अच्छे दाम में बेची जाती हैं। ऐसा ही कुछ देखने को मिला वॉशिंगटन में जब स्टीव जॉब्स के दस्तखत वाली फ्लॉपी बेची गई। एपल के को-फाउंडर स्टीव जॉब्स के दस्तखत वाली एक फ्लॉपी-डिस्क 60.14 लाख रुपए में नीलाम हुई जबकि इसकी नीलामी की शुरुआत 5.4 लाख रुपए से की गई थी। 4 दिसंबर को हुई नीलामी में इस फ्लॉपी डिस्क को तय कीमत से करीब 1000 फीसदी ज्यादा प्रॉफिट पर बेचा गया है। इस फ्लॉपी डिस्क में एपल के मैकिंटोज सिस्टम टूल्स वर्जन 6.0 की एक कॉपी सेव है। डिस्क के लेबल पर ब्लैक पेन से किए गए स्टीव जॉब्स के साइन हैं।

ऑक्शन हाउस की वेबसाइट पर लिखा गया है कि यह फ्लॉपी बेहतर कंडीशन में है और इस पर इंक मार्क है। इससे पहले भी स्टीव जॉब्स के साइन किए टॉय स्टोरी फिल्म के पोस्टर की नीलामी की गई थी। इस पोस्टर की कीमत बोली लगाने से पहले 25,000 डॉलर (1793000 रुपए) तय की गई थी। पोस्टर 31,250 डॉलर (2240000 रुपए) में बिका था।

ऑक्शन कंपनी की लिस्टिंग में जानकारी दी गई कि जॉब्स बहुत कम साइन करते थे। कई बार ऑटोग्राफ के निवेदन को मना कर देते थे। यही कारण है कि जॉब्स के दस्तखत हमेशा कीमती रहे हैं। दिसंबर 2018 में पॉल फ्रेसर की कलेक्टिबल्स ऑटोग्राफ इनडेक्स में दावा किया गया था कि स्टीव जॉब्स के ऑटोग्राफ की कीमत 50,000 डॉलर (करीब 35 लाख रुपए) से ज्यादा है।