अमेरिका : टेक्सस के अस्पताल में महिला ने एकसाथ दिया 6 बच्चों को जन्म

दुनियाभर में 4.7 अरब में से कोई एक मामला ही ऐसा होता है, जब कोई महिला छह बच्चों को जन्म देती है। ऐसा ही एक मामला अमेरिकी (America) राज्य टेक्सस (Texas) के शहर ह्यूस्टन में हुआ है जहां एक महिला ने एक साथ 6 बच्चों को जन्म दिया है। महिला ने अमेरिका के ‘द वुमेन्स हॉस्पिटल ऑफ टेक्सस’ में 6 बच्चों को जन्म दिया।

अस्पताल ने बताया कि थेलमा चैका ने शुक्रवार को स्थानीय समयानुसार सुबह चार बजकर 50 मिनट से सुबह चार बजकर 59 मिनट के बीच चार लड़कों और दो लड़कियों को जन्म दिया। थेलमा स्वस्थ है।

अस्पताल के बयान के अनुसार, बच्चों का वजन एक पौंड 12 औंस से दो पौंड 14 औंस के बीच है। उनकी हालत स्थिर है और उन्हें अस्पताल की नवजात गहन देखभाल इकाई (NICU) में रखा गया है। थेलमा ने अपनी बेटियों का नाम जीना और जुरियल रखा है। उन्होंने अपने चारों बेटों का नाम अभी नहीं रखा है।