30 लाख रुपये खर्चकर शख्स ने बनवाई शैतान जैसी शक्ल, कटवाए नाक-कान

आजकल के समय में बॉडी मॉडिफिकेशन का चलन बहुत बढ़ गया हैं जिसमें लोग अपने शरीर के अंगों में बदलाव लाकर अपने रूप को बदलने की चाहत रखते हैं। कई लोग यह खूबसूरती पाने के लिए करते हैं तो कई लोग अपनी सूरत बिगाड़ने के लिए। इसका एक हैरान करने वाला मामला सामने आया हैं वेनेजुएला से जिसने 30 लाख रुपये खर्चकर खुद को इंसान से शैतान बना लिया है। हम बात कर रहे हैं हेनरी रॉड्रिगुएज की। सालों तक बॉडी मॉडिफिकेशन कराने के बाद हेनरी ने खुद को इतना डरावना बना लिया है कि लोग उनकी पुरानी सूरत ही भूल गए हैं। शख्स ने खुद को मार्वल कॉमिक्स का सुपरविलेन रेड स्कल बनाने के लिए असल शक्ल-सूरत ही बदल डाली।

जानकारी के अनुसार पेशे से टैटू आर्टिस्ट हेनरी रॉड्रिगुएज को बचपन से ही रेड स्कल नाम के सुपरविलेन का किरदार काफी पसंद था। यही वजह है कि उन्होंने इसके लिए अपने शरीर में बदलाव लाने शुरू किए। 42 साल के हेनरी ने अपने इस अजीबोगरीब शौक पर 30 लाख रुपये खर्च किए हैं, जिसके बाद उन्हें ये डरावनी शक्ल हासिल हुई है। हेनरी का कहना है कि उन्हें शैतानी कैरेक्टर्स का एटीट्यूड और पर्सनालिटी काफी पसंद है, इसीलिए उन्होंने खुद को बदल देने का फैसला लिया।

एक बच्चे के पिता हेनरी ने खुद की शक्ल बिगाड़ने का फैसला साल 2012 में शुरू किया। उन्हें इसके लिए तमाम शारीरिक और मानसिक परीक्षणों से गुजरना पड़ा। 130 घंटों की सर्जरी के बाद उन्हें अजीबोगरीब लुक हासिल हुआ। हेनरी ने अपनी नाक और कान कटवा लिए हैं, जबकि उनकी आंखों के अंदर भी काले रंग की इंक पड़ी हुई है। उन्होंने अपने माथे पर ट्रांसप्लांट कराने के बाद वहां अजीबोगरीब उभार बनवाए हैं। उन्होंने भौहों पर भी ट्रांसप्लांट कराया हुआ है और जीभ भी दो हिस्सों में कटवा रखा है। दिलचस्प बात ये है कि हेनरी अभी अपनी शक्ल पर और भी प्रयोग कराने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।