आजतक कोई भी नहीं तोड़ सका इस सबसे लंबे आदमी का रिकॉर्ड, पहनता था 37 नंबर का जूता

दुनियाभर में कई लोग हुए हैं जिनकी लंबाई ने सभी को आकर्षित किया हैं। वहीँ कई लोगों ने अपनी लंबाई से रिकॉर्ड बनाया हैं। लेकिन इतिहास में एक ऐसा शख्स हैं जिसकी लम्बाई का रिकॉर्ड कोई नहीं तोड़ पाया हैं। हम बात कर रहे हैं रॉबर्ट वॉड्लो की जिन्हें दुनिया के इतिहास का सबसे लंबा इंसान कहा जाता है। करीब 81 साल से उनकी लंबाई का रिकॉर्ड कोई भी इंसान तोड़ नहीं सका है। हालांकि बेतहाशा लंबाई बाद में रॉबर्ट वॉड्लो के मौत की वजह भी बन गई। महज 22 साल की उम्र में उनका निधन हो गया था। उन्हें एल्टन के ओकवुड कब्रिस्तान में दफनाया गया है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के मुताबिक, उन्हें जिस ताबूत में दफनाया गया, उसकी लंबाई 10 फीट 9 इंच थी।

रॉबर्ट वॉड्लो आठ फीट 11.1 इंच लंबे थे। उनकी लंबाई की वजह से ही उनका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है। वह अमेरिका के एल्टन (इलीनोइस) शहर के रहने वाले थे, इसलिए लोग उन्हें 'एल्टन जायंट' और 'जायंट ऑफ इलीनोइस' नाम से जानते हैं। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के मुताबिक, रॉबर्ट वॉड्लो जब महज 6 महीने के थे, तब उनकी लंबाई आम बच्चों के मुकाबले कहीं ज्यादा थी।

जब वह 1 साल के हुए तो उनकी 3 फीट 6 इंच थी और 2 साल के होते-होते उनकी यह लंबाई बढ़कर 4 फीट 6 इंच से भी ज्यादा हो गई। महज 18 साल की उम्र में रॉबर्ट वॉड्लो ने दुनिया के सबसे लंबे आदमी का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया था। उस समय वह 8 फीट 4 इंच लंबे थे। चूंकि आमतौर पर इतना लंबा कोई आदमी होता नहीं है, इसलिए रॉबर्ट के लिए एक कंपनी ने 37 नंबर के जूते बनाए थे, जिसे वह पहनते थे।