98 KG वजन, 5 मीटर लंबाई, 122 अंडों के साथ पकड़ी गई मादा अजगर; कुछ समय पहले खाया था हिरन

अमेरिका के फ्लोरिडा में 98 किलोग्राम और 5 मीटर लंबाई की मादा अजगर मिला है। यह मादा अजगर 122 अंडों के साथ प्रेग्‍नेंट थी और इसने कुछ समय पहले एक हिरन खाया था। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, यह अमेरिका के फ्लोरिडा में मिला सबसे बड़ा अजगर है। वहीं रिसर्च से जुड़े लोगों ने इस अजगर को पकड़ने के लिए दूसरे नर अजगर का सहारा लिया। बायोलॉजिस्‍ट्स ने इस भारी भरकम अजगर को फ्लोरिडा एवरग्‍लेड्स फोरेस्‍ट से पकड़ा, इसे पकड़ने के लिए उन्‍होंने नर अजगर का उपयोग किया। नर अजगर में उन्‍होंने रेडियो ट्रांसमीटर लगाया था। करीब 20 मिनट की मशक्‍कत के बाद बुधवार को यह अजगर काबू में आया। बता दे, इससे पहले सबसे बड़ा नर अजगर 63 किलोग्राम का मिला था, वहीं इसकी लंबाई 4.87 मीटर थी।

अमेरिका के फ्लोरिडा में रिसर्च से जुड़े लोग पिछले 10 सालों से अजगरों को पकड़ रहे हैं, ताकि पारिस्थितिक तंत्र में दूसरी स्‍थानीय प्रजातियों को संरक्षित किया जा सके।

फ्लोरिडा में 'पायथन प्रोगाम' की शुरुआत 2013 में हुई थी। तब से अब तक करीब एक हजार अजगरों को यहां से हटाया गया है। वहीं फ्लोरिडा में हर साल अजगरों को पकड़ने की वार्षिक प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाता है। इस साल 5 -14 अगस्‍त के बीच 'पायथन चैलेंज' का आयोजन किया जाएगा। जिसमें 25 राज्‍यों से 600 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। जिस शख्‍स ने सबसे ज्‍यादा सांप पकड़े होंगे उसे करीब 2 लाख रुपए का इनाम मिलेगा। वहीं सबसे लंबा सांप पकड़े जाने वाले शख्‍स को 1.17 लाख रुपए का इनाम मिलेगा। बता दे, पिछले साल के विजेता ने 223 अजगर पकड़े थे, वहीं सबसे लंबा सांप 15 फीट का था।