मोर की अंतिम विदाई में शामिल हुई मोरनी, नम आंखों से कहा अलविदा, देखें वीडियो

अपनों को खोने का दर्द इंसानों में तो होता ही है साथ में जानवर भी इस दर्द को महसूस करते हैं। इस बात को साबित करने वाली एक घटना राजस्थान के नागौर से सामने आई है। यहां, के नागौर जिले के कुचेरा की थला ढाणी में मोर और मोरनी का अनोखा प्यार देखने को मिला। सालों का साथ छोड़कर जब बूढ़ा मोर मर गया तो ग्रामीणों ने उसे दफनाया। मोर की अंतिम विदाई में मोरनी शामिल हुई और नम आंखों से अपने प्राण प्यारे को अलविदा कहा।

इस मार्मिक घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। रविवार शाम को करीब आठ साल के नर मोर ने अंतिम सांस ली। जैसे ही उसने दम तोड़ा तो उसके तमाम साथी मोर-मोरनी एकत्रित हो गए। वे करीब तीन घंटे तक गुमसुम होकर मृत मोर के आसपास घूमते रहे। मानो साथी की मौत का मातम मना रहे हों। नागौर के वन एवं वन्य जीव रक्षा के जिला उपाध्यक्ष रामस्वरूप बिश्नोई ने बताया कि उनके खेतों पर विभिन्न जीव विचरण करते हैं। उनमें से ये मोर का जोड़ा तो उनके परिवार के सदस्यों की तरह था।