पत्नी ने घर का दरवाजा खोलने में करी देरी तो नाराज DSP ने चला दी गोली, केस दर्ज

पंजाब पुलिस में 'सिंघम' के नाम से चर्चित डीएसपी अतुल सोनी पर पत्नी की हत्या के प्रयास और ऑर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। अतुल सोनी पर आरोप लगा है कि उन्होंने पत्नी पर गोली चलाई है। दरअसल, ये घटना शनिवार की है जब देर रात को पार्टी से अतुल सोनी घर लौटे थे। इस दौरन पत्नी ने घर का दरवाजा देरी से खोला। इस बात से नाराज डीएसपी सोनी ने गुस्से में अपनी पत्नी पर गोली चला दी। हालाकि, पत्नी की किस्मत अच्छी थी कि गोली उनको नहीं लगी। हमले के बाद पत्नी ने डीएसपी के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई।पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद से अतुल सोनी फिलहाल फरार हैं। चौकाने वाली बात इस घटना में यह भी है कि अतुल सोनी ने जिस रिवॉल्वर से गोली चलाई वह उनकी सर्विस रिवॉल्वर नहीं बल्कि अवैध रिवॉल्वर थी। अतुल सोनी की पत्नी ने पंजाब पुलिस को घटना में इस्तेमाल हथियार और कारतूस का खोल बरामद करवा दिया है।

50 साल के डीएसपी अतुल सोनी चंडीगढ़ से ताल्लुक रखते है और 1992 में सब इंस्पेक्टर के रूप में पंजाब पुल‍िस में भर्ती हुए थे। अतुल सोनी ने तीन बार इंटरनेशनल हैंडबॉल टूर्नामेंट में भारत का प्रत‍िन‍िध‍ित्व क‍िया था। 2018 में उन्हें डीएसपी बना दिया गया था। अतुल सोनी पंजाब पुल‍िस के उन 8 पुल‍िस ऑफ‍िसर्स में भी शाम‍िल थे जो संयुक्त राष्ट्र संघ के शांत‍ि म‍िशन के ल‍िए 2006 में कोसोवो में गए थे।इन पर पंजाबी में एक फ‍िल्म 'बेखौफ जुर्म' बनी है। डीएसपी अतुल सोनी पर पहले भी क‍िडनैप‍िंग और एक्टॉर्शन का आरोप लगाया गया है।