दुर्लभ बीमारी के चलते 50 किलो का हो गया था पैर, 25 डॉक्टरों की टीम ने की सफल सर्जरी

मैक्स हॉस्पिटल के डॉक्टर्स ने सर्जरी करके एक नामुमकिन काम को मुमकिन कर दिया। लिम्फीडिमा (आम भाषा में हाथी पांव भी बोलते हैं) नाम से पीड़ित एक शख्स का डॉक्टर्स ने सफल ऑपरेशन किया है। हाथी पांव से पीड़ित व्यक्ति का नाम अमित कुमार शर्मा है। लिम्फीडिमा से पीड़ित मरीज का पैर थोड़ा ही समय में हाथी के पैर के बराबर हो जाता है। अमित कुमार शर्मा इस बीमारी की वजह से चल भी नहीं पाते थे, इस कारण उनकी नौकरी भी जा चुकी थी। उनके अलावा घर में कोई कमाने वाला नहीं था। फिर अमित ने 2021 अगस्त में मैक्स हॉस्पिटल पटपड़गंज में डॉक्टर्स को दिखाया और उसके बाद से ही उनकी सर्जरी की शुरुआत हुई।

अमित के इलाज करने के लिए मैक्स हॉस्पिटल के 25 डॉक्टर्स की टीम ने 6 महीने में 18 से ज्यादा सर्जरी कीं। ये सर्जरियों में 90 घंटे से अधिक समय लगा। जब अमित मैक्स हॉस्पिटल आए थे तो उनके पैर का वजन करीब 50 किलो था, जो अब करीब 23 किलो का रह गया है। यानी सर्जरी के बाद उनके पैर का 27 किलो वजन कम हो चुका है। मैक्स हॉस्पिटल पड़पड़गंज के MD डॉ. मनोज के मुताबिक, यह उनके लिए बिल्कुल नया केस था और अमित का कई जगह इलाज पहले भी हो चुका था, जिसकी वजह से केस खराब हो रहा था। लेकिन हमारी सफल सर्जरीज के बाद अमित अब चल सकते हैं।

आम तौर पर अगर इस बीमारी को आप कैंसर जितना खतरनाक कह सकते हैं। इसमें मरीज की किसी हादसे में कुछ नसें डैमेज हो जाती हैं, जिसकी वजह से खून का प्रवाह नही हो पाता और खून एक जगह इकट्ठा होना शुरू हो जाता है। इस कारण पैर का साइज लगातार बढ़ने लगता है और उसका सीधा असर दिमाग और दिल पर पड़ता है।

यह बीमारी एक तरह का स्लो पॉइजन है, जो मरीज की धीरे-धीरे जान ले लेता है। हालांकि अब अमित अपने इस ऑपरेशन के बाद चल पा रहे हैं। वही डॉक्टर्स की मानें तो आने वाले दिनों में उनके दोनों पैरों का साइज लगभग समान हो जाएगा।