आखिर क्यों यहाँ के लोग विदेश से मंगाते है पिज्जा, फ्लाइट से की जाती है डिलीवरी

वर्तमान समय में फास्ट फ़ूड का क्रेज काफी बढ़ चुका हैं और उसी के साथ ऑनलाइन फ़ूड आर्डर का क्रेज भी। इस वजह से लोग अपना मनपसंद पिज्जा ऑनलाइन आर्डर करते हैं और घर बैठे प्राप्त करते हैं। लेकिन आज हम आपको इससे जुड़ी एक ऐसी घटना के बारे में बताने जा रहे हैं जिस पर विश्वास कर पाना आपके लिए थोडा मुश्किल होगा। आइये जानते हैं इसके बारे में।

वैसे तो पिज्जा अब लगभग हर देश में आसानी से मिल जाता है, लेकिन इसके बावजूद एक देश ऐसा भी है, जहां के अमीर लोग दूसरे देश से पिज्जा मंगाते हैं। इनकी डिलीवरी फ्लाइट के जरिए होती है। इस देश का नाम है नाइजीरिया। यहां के कृषि मंत्री ओदू ओगबेह ने दावा किया है कि नाइजीरिया के अमीर लोग स्टेटस सिंबल दिखाने के लिए 6440 किलोमीटर दूर लंदन से पिज्जा मंगाते हैं। उनके मुताबिक लोग रात में पिज्जा ऑर्डर करते हैं और इसे सुबह ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट नाइजीरिया लेकर आती है।

मंत्री ने इस बात का खुलासा नाइजीरिया की राजधानी अबूजा में सीनेट एग्रीकल्चर कमिटी की बैठक में किया है। उन्होंने बताया कि नाइजीरिया चूंकि ज्यादातर चीजों का आयात दूसरे देशों से ही करता है, लेकिन अमीरों का यह ट्रेंड सही नहीं है।

ओदू ओगबेह ने उन लोगों की कड़ी आलोचना की, जो अपना स्टेटस सिंबल दिखाने के लिए चावल से लेकर पिज्जा और टमाटर पेस्ट तक दूसरे देशों से आयात करके खाते हैं। उन्होंने कहा कि यह बहुत ही चिंताजनक स्थिति है और हमें इस तरह की चीजों में तेजी से कमी लाने की जरूरत है।

मंत्री ओदू ओगबेह के बयान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर हुआ है, जिसपर लोगों ने कई तरह की प्रतिक्रियाएं दी हैं। एक सोशल मीडिया यूजर ने लिखा है, 'ब्रिटिश एयरवेज ने नाइजीरिया में पिज्जा डिलीवरी कब से शुरू कर दी। क्या इसके लिए कोई एप है?'