अनोखी पहल : 10 प्लास्टिक की बोतल लाओ, आधा किलो दूध फ्री में ले जाओ

प्लास्टिक के खिलाफ अभियान में देशभर के लोगों को इससे जोड़ा जा रहा है। कुछ जगहों पर प्लास्टिक की बदले खाना और दूध भी दिया जा रहा है। प्लास्टिक के खिलाफ अभियान में हरियाणा के पंचकूला में एक अनोखी पहल शुरू की है। यहां प्लास्टिक की 10 बोतल लाओ और दूध की एक थैली मुफ्त में ले जाओ। पंचकूला नगर निगम ने स्वच्छ सर्वेक्षण-2020 में शहर को टॉप 20 में लाने के लिए एक वेस्ट एक्सचेंज कार्यक्रम का शुभारंभ किया है।

10 प्लास्टिक की बोतल पर मिलेगा 1 पैकेट दूध

कार्यकारी अधिकारी जे सिंह ने बताया कि जो हमें एक किलो प्लास्टिक या 10 प्लास्टिक की बोतलें देते हैं, उन्हें 1 पैकेट दूध मिलेगा। इसका लाभ पंचकूला के कई वीटा बूथों पर उठाया जा सकता है। इतना ही नहीं इस कार्यक्रम के तहत इकट्ठा किए गए प्लास्टिक कचरे के बदले अलग प्रकार के इनाम देने का भी प्रस्ताव रखा गया है। इसके तहत 10 प्लास्टिक बोतल के बदले आधा किलो दूध का पैकेट दिया जाएगा। 7 बोतल या 500 ग्राम प्लास्टिक के बदले 200 ग्राम दही, 5 प्लास्टिक बोतल या 500 ग्राम प्लास्टिक के बदले एक ब्रेड फ्री दी जाएगी।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मार्केट व आसपास के क्षेत्रों को कचरा संग्रहण साफ-सफाई व प्लास्टिक प्रयोग न करने के प्रति जागरूक करना था। लोगों को साफ-सफाई, गीला और सुखा कूड़ा अलग करने के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है। फिलहाल ये वेस्ट एक्सचेंज ऑफर सेक्टर-7, 8, 9 और 11 में बने वीटा बूथ पर शुरू किया गया है, जिसे भविष्य में सभी वीटा बूथों पर लागू किया जाएगा।

गारबेज कैफे : एक किलो प्लास्टिक लाओ और खाओ समोसा-चाय, ब्रेड-पकौड़ा और पिज्जा

आपको बता दे, इसी कड़ी में दिल्ली के द्वारका में दो फूड कोर्ट ने प्लास्टिक के बदले खाना देना शुरू कर दिया है। इन रेस्टोरेंट्स के बाहर बैनर लगा हुआ है जिसमें लिखा है कि एक किलो प्लास्टिक लाओ और खाना खाओ, 250 ग्राम प्लास्टिक लाओ और नाश्ता करो। सिटी सेंटर मॉल में 250 ग्राम प्लास्टिक के बदले समोसा-चाय, ब्रेड-पकौड़ा दिया जा रहा है, जबकि एक किलो प्लास्टिक के बदल पिज्जा, डोसा एवं अन्य तरह का खाना खा सकते हैं। यह दोनों फूड कोर्ट द्वारका सेक्टर 12 के सिटी सेंटर मॉल और सेक्टर 23 स्थित वर्धमान मॉल में है।