खुली किस्मत! एयरपोर्ट पर मजे-मजे में खरीदे लॉटरी टिकट, मिला इतने करोड़ का इनाम

जिंदगी में किस्मत कब और कैसे बदल जाए, ये कोई नहीं जानता। कई बार तो चीजें ऐसी हो जाती है, जिसकी कल्पना तक नहीं कोई कर सकता। ऐसा ही कुछ अमेरिका में रहने वाली एक महिला के साथ हुआ। मजे-मजे में खरीदे एक लॉटरी टिकट ने महिला को करोड़पति बना दिया। दरअसल, फ्लाइट कैंसिल होने की वजह से यह महिला एयरपोर्ट पर टाइम पास करने लगीं। इसी दौरान उन्होंने लॉटरी के कुछ टिकट खरीदे। इन टिकटों ने उनकी किस्मत ही पलट दी। यह खबर सुनकर खुद इस महिला को भी यकीन नहीं हो पा रहा है।

मिसौरी के कनसास सिटी की 51 वर्षीय एंजेला कैरावेला को 10 लाख डॉलर (करीब 7 करोड़ 41 लाख रुपये) की लॉटरी खुली है। फ्लोरिडा लॉटरी ने जानकारी दी है कि एंजेला ने 'द फास्टेस्ट रोड टू यूएसडी 10,00,000' स्क्रैच गेम में पिछले महीने शीर्ष इनाम जीता।

महिला ने अपनी जीती हुई रकम को एक बार में ही लेने का विकल्प चुना जो करीब 7,90,000 डॉलर (करीब 5 करोड़ 85 लाख रुपये) हैं।

कैरावेला को इस जीत पर विश्वास नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा, 'अचानक उड़ान रद्द होने के बाद मुझे लगा था कि कुछ अजीब होने वाला है। मैंने समय बिताने के लिए कुछ टिकट खरीदे और 10 लाख डॉलर यूं ही जीत लिए।'

कैरावेला ने तांपा के पूर्व में स्थित ब्रैंडन में पब्लिक्स सुपरमार्केट से अपना विजयी टिकट खरीदा था। इस स्टोर को विजयी टिकट बेचने के लिए 2,000 डॉलर बोनस के तौर पर दिए जाएंगे। यूएसडी 30 खेल जिसे कैरावेला ने जीता, वह फरवरी 2020 में शुरू हुआ था। इसमें 10 लाख डॉलर के 155 शीर्ष इनाम हैं और 94.8 करोड़ डॉलर के नकद पुरस्कार हैं।

फ्लोरिडा लॉटरी के मुताबिक प्रांत की लॉटरी में 75% बिक्री इसी लॉटरी की होती है। 2020-21 में इसने 680 करोड़ डॉलर की लॉटरी बेची। इंडस्ट्री में यह एक नया रिकॉर्ड है। लगातार 10 साल से हर बार फ्लोरिडा लॉटरी की बिक्री में बढ़ोतरी ही हो रही है। 1998 से लेकर अब तक 3000 लोग इस लॉटरी के माध्यम से करोड़पति बन चुके हैं।