नोएडा: रात 12 बजे सड़क पर दौड़ रहा था युवक, लिफ्ट लेने से किया इनकार, वजह दिल जीत लेगी आपका; VIDEO

सोशल मीडिया पर एक युवक का वीडियो काफी वायरल हो रहा है जिसमें देखा जा सकता है कि युवक रात को नोएडा की सड़कों पर दौड़ रहा है। युवक सेना में भर्ती होना चाहता है इसलिए रात को नोएडा की सड़कों पर दौड़ कर प्रैक्टिस कर रहा है। सोशल मीडिया पर जिसने भी इस वीडियो को देखा उसने युवक के हौसले की जमकर तारीफ की। उत्तराखंड मूल के फिल्मकार विनोद कापड़ी ने इसका वीडियो अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर किया है। उन्होंने 19 साल के इस युवक को कार से घर छोड़ने का ऑफर भी दिया। लेकिन युवक ने उनसे लिफ्ट लेने से इनकार कर दिया।

वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे लड़के ने अपने कंधे पर बैग टांगा हुआ है और सड़क पर तेजी से दौड़ रहा है। रात के 12 बजे युवक को इस तरह दौड़ते देख विनोद कापड़ी ने उसे लिफ्ट देने का ऑफर दिया। लेकिन युवक ने मुस्कुराते हुए इनकार कर दिया और कहा कि वह दौड़ते हुए ही अपने घर तक जाएगा।

फिर जब कापड़ी ने पूछा कि तुम काम क्या करते हो? तो युवक ने बताया कि वह Noida Sector-16 के McDonalds में काम करता है। जब उन्होंने रात के समय इस तरह दौड़ने का कारण पूछा तो युवक ने कहा कि वह सेना में भर्ती होना चाहता है और काम की वजह से उसे प्रैक्टिस करने का टाइम नहीं मिल पाता। जिस वजह से वह ड्यूटी खत्म करके घर इसी तरह जाता है। इससे उसकी दौड़ने की प्रैक्टिस हो जाती है।

वीडियो में दिखाई दे रहा इस युवक का नाम प्रदीप मेहरा है जो कि उत्तराखंड के अल्मोड़ा का रहने वाला है। विनोद कापड़ी ने इस दौरान उस युवक से काफी सवाल पूछे और उन सभी सवालों का जवाब युवक ने मुस्कराते हुए दिया। कापड़ी युवक के सवाल सुनकर भावुक हो उठे। युवक ने बताया कि उसकी मां का इलाज चल रहा है और वह अस्पताल में भर्ती हैं। यहां वह अपने भाई के साथ रहता है और रोजाना इसी तरह 10 km दौड़ कर घर जाता है।

युवक की बातें सुनकर कापड़ी उसकी हिम्मत की दाद देते हैं। आखिरी में उसे 'ऑल द बेस्ट' बोलकर वह आगे निगल जाते हैं। कापड़ी ने यह वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर रविवार को शेयर किया। इस वीडियो को अब तक करीब 1.70 से ज्यादा लोगों ने लाइक किया है।