नवरात्रि स्पेशल : चमत्कारी कंकाली मंदिर, खुलता है साल में सिर्फ एक बार

हमारे देश में कई मंदिर स्थित हैं और नवरात्रि के इन दिनों में तो मातारानी के मंदिरों में भक्तों की भीड़ लगती हैं। आखिर मातारानी के मंदिर होते ही इतने अनोखे और चमत्कारी हैं। आज हम भी आपको माता के एक ऐसे ही अनोखे मंदिर के बारे में बताने जा रहे हैं जो साल में सिर्फ एक बार खुलता है। हम बात कर रहे हैं रायपुर में स्थित कंकाली मंदिर के बारे में। तो आइये जानते हैं इसके बारे में।

यह छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में स्थित है। कंकाली मंदिर का इतिहास काफी पुराना और अलग है। इस मंदिर का शस्त्रागार साल में केवल एक दिन दशहरे पर ही सुबह खुलता है। शाम होते ही ये शस्त्रागार फिर एक साल के लिए बंद हो जाता है।

इस मंदिर में दर्शन के लिए भक्तजन बड़ी संख्या में मौजूद रहते हैं और वो देवी मां के साथ-साथ पूरा अस्त्र-शस्त्र के भी दर्शन करते हैं। इसके पीछे भी एक अनोखी कहानी है। दरअसल ऐसा कहा जाता है कि जब भगवान राम और रावण के बीच युद्ध हो रहा था तब देवी मां मैदान में प्रकट हुईं थीं और श्रीराम के शास्त्रों को सुसज्जित किया था।

आपको ये जानकर हैरानी होगी कि ये मंदिर शमशान घाट पर बना है। इस मंदिर को नागा साधुओं के तांत्रिक साधना का केंद्र भी माना जाता है। कई सारे नागा साधुओं की समाधि ही इस मंदिर के आसपास है। कंकाली देवी के मंदिर का निर्माण महंत कृपाल गिरि ने किया था।