350 साल से रहस्य बना हुआ है भारत का यह किला, जानें इसकी अनोखी खासियत

भारत को अपनी अनोखी एतिहासिक विरासत के लिए जाना जाता हैं और यह पूरे विश्व में प्रसिद्द हैं। भारत के किले अपनी विशेष पहचान रखते हुए सभी का आकर्षण बनते हैं। आज हम आपको एक ऐसे ही अनोखे किले के बारे में बताने जा रहे हैं जो पिछले 350 सालों से रहस्य बना हुआ है। हम बात कर रहे हैं महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के तटीय गांव मुरुद में स्थित मुरुद जंजीरा किले के बारे में। तो आइये जानते हैं इसकी खासियत के बारे में।

समुद्र तल से 90 फीट की ऊंचाई पर बने इस किले की खासियत ये है कि यह बीच समुद्र (अरब सागर) में बना हुआ है। मुरुद जंजीरा किला भारत के पश्चिमी तट का एक मात्र ऐसा किला है, जो कभी भी जीता नहीं जा सका। कहते हैं कि ब्रिटिश, पुर्तगाली, मुगल, शिवाजी महाराज, कान्होजी आंग्रे, चिम्माजी अप्पा और संभाजी महाराज ने इस किले को जीतने का काफी प्रयास किया था, लेकिन इनमें से कोई भी सफल नहीं हो सका। यही वजह है कि 350 साल पुराने इस किले को 'अजेय किला' कहा जाता है। मुरुद-जंजीरा किले का दरवाजा दीवारों की आड़ में बनाया गया है, जो किले से कुछ मीटर दूर जाने पर दीवारों के कारण दिखाई देना बंद हो जाता है। कहते हैं कि यही वजह रही होगी कि दुश्मन किले के पास आने के बावजूद चकमा खा जाते थे और किले में घुस नहीं पाते थे।

इस किले का निर्माण अहमदनगर सल्तनत के मलिक अंबर की देखरेख में 15वीं सदी में हुआ था। यह किला 40 फीट ऊंची दीवारों से घिरा हुआ है। बताया जाता है कि इसका निर्माण 22 साल में हुआ था। 22 एकड़ में फैले इस किले में 22 सुरक्षा चौकियां हैं। यहां सिद्दीकी शासकों की कई तोपें अभी भी रखी हुई हैं, जो हर सुरक्षा चौकी में आज भी मौजूद हैं। माना जाता है कि यह किला पंच पीर पंजातन शाह बाबा के संरक्षण में है। शाह बाबा का मकबरा भी इसी किले में है।