मुंबई: छड़ी के सहारे तेंदुए से भिड़ीं 55 साल की महिला, CCTV में कैद हुई घटना

मुंबई के गोरेगांव में आरे कॉलोनी के अंदर तेंदुए द्वारा हमला करने की घटना लगातार सामने आ रहे है। बुधवार को तेंदुए ने एक 55 साल की महिला पर हमला करके उसे घायल कर दिया। तेंदुए के हमले की यह चौथी घटना है। इससे पहले तेंदुए ने वहां एक बच्‍चे पर भी हमला किया था, जिसे बचा लिया गया था। बुधवार को हुई घटना आरे डेयरी के पास की है। घटना की सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल है। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि 55 साल की महिला निर्मला रामबदन सिंह अपने घर से हाथ में छड़ी लेकर निकलती है। वह जब बरामदे में बैठने लगती है, तभी घात लगाए बैठा तेंदुआ उस पर हमला कर देता है। हमले के दौरान महिला ने अपनी छड़ी से मारकर तेंदुए को भगाया। लेकिन इस दौरान उसकी छाती, चेहरे और शरीर के पिछले हिस्‍से पर खरोच के निशान आ गए। महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इस हमले पर ठाणे फॉरेस्‍ट डिवीजन के प्रभारी गजानन हीरे का कहना है कि पंजों के निशान से पता चलता है कि तेंदुआ कम उम्र का था। उनका कहना है कि एक महीने पहले इलाके में तेंदुए का पहला हमला हुआ था उस समय वन विभाग ने क्षेत्र में दस पिंजरे लगाए थे इनमें कैमरे भी लगे हैं। मुंबई में आरे कॉलोनी, मरोल और जेवीएल इलाके में हमेशा तेंदुए की गतिविधियां देखी जाती हैं। हाल ही में तेंदुए ने एक बच्चे पर हमला किया था लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे बचा लिया। तेंदुए ने एक और व्यक्ति के हाथ पर काट लिया था।