नाइजीरिया: टेक ऑफ कर रहे विमान के पंखे पर चढ़ा शख्स, केबिन में घुसने की करने लगा कोशिश, वीडियो

लागोस शहर के मुर्तला मुहम्मद अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक व्यक्ति टेकऑफ कर रहे एक विमान के पंख पर चढ़ गया। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने बताया कि उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि, उसकी पहचान को खुलासा नहीं किया गया है। विमान लागोस से पोर्ट हारकोट जा रहा था। उसने ऐसा क्यों किया इस बारे में स्थिति साफ नहीं हो सकी है। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार की सुबह अजमान एयर का बोइंग 737 जैसे ही रनवे पर उड़ान भरने ही वाला था कि एक व्यक्ति तेजी से विमान की तरफ आता नजर आया। पायलट ने इंजन को पहले धीमा किया फिर उसे बंद कर दिया। एक चश्मदीद ने बताया, 'वह दौड़ता हुआ विमान के करीब आया। उसके हाथ में सूटकेस था। पहले उसने सूटकेस को इंजन के अंदर रख दिया और फिर विंग पर चढ़ गया।'

विमान में मौजूद सभी यात्री यह देख कर घबरा गए। कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घबराए लोगों ने सुरक्षा संबंधी चिंताओं के कारण चालक दल से निकासी द्वार खोलने को कहा। विमान के अंदर मौजूद एक व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया, जिसमें व्यक्ति को विमान के पंखे पर चलते हुए देखा जा सकता है। व्यक्ति को बाद में नाइजीरिया के हवाई अड्डे के अधिकारियों ने हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ की जा रही है।