VIDEO: इंसानी बालों से बना डाली दुनिया की सबसे बड़ी गेंद, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ नाम

इंसान के बालों से दुनिया की सबसे बड़ी गेंद बनाकर अमेरिका के रहने वाले एक नाई ने अपना नाम इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया है। अमेरिका के ओहियो के कैम्ब्रिज शहर के स्टीव वॉर्डेन ने दुनिया की सबसे बड़ी गेंद बनाने के लिए महिला और पुरुष दोनों के बालों का इस्तेमाल किया है।

स्टीव का कैम्ब्रिज में ब्लॉकर्स नाम से सैलून है। वह जब भी किसी ग्राहक के बाल काटते उनके दिमाग में हमेशा एक ही बात रहती कि इन बालों से ऐसा क्या बनाया जाए जो दुनियाभर में मशहूर हो जाए। बस इससे उनके दिमाग में दुनिया की सबसे बड़ी बॉल बनाने के विचार आया। इस बाल को बनाने में स्टीव को पूरे 9 साल लगे। इस गेंद का वजन 102 किलो है। स्टीव ने कहा कि उनके बच्चे अक्सर उन्हें बालों से गेंद बनाने को कहते थे। साल 2013 से उन्होंने हर एक ग्राहक के बाल को इकट्ठा करना शुरू कर दिया, जिसके बाद 9 सालों में यह गेंद तैयार हुई।

दुनिया की सबसे बड़ी बॉल बनाने के लिए स्टीव का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है। स्टीव कहते हैं कि यह गेंद उन्होंने अपने बच्चों के प्यार में बनाई है और वे चाहते हैं कि उनकी आने वाली पीढ़ी भी इसको देखे।