भीषण गर्मी में शख्स ने दिखाई क्रिएटिविटी, स्कूटर की सीट पर बनाया डोसा, अब वीडियो हो रहा वायरल

भारत के कई राज्य इस समय भीषण गर्मी का प्रकोप झेल रहे है। गर्मी से बचने के लिए लोग तरह-तरह के जतन कर रहे है लेकिन कुछ लोग इस गर्मी में भी क्रिएटिविटी दिखा रहे हैं। बिजनेसमैन हर्ष गोएनका ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें एक शख्स अपने स्कूटर की सीट पर डोसा बनाते हुए नजर आ रहा है। जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वायरल वीडियो में एक शख्स स्कूटर की सीट पर तमिल में मावू कहलाए जाने वाली सामग्री को दिन के समय गोलाई में फैलाता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो में आगे नजर आता है कि आधे पके हुए मावू को पलटकर शख्स दिखाता है कि दूसरा हिस्सा थोड़ा भूरे रंग का हो गया है। वीडियो को अब तक 30 हजार से ज्यादा बार देखा जा चुका है। इस वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा है, 'गर्मी में 40 डिग्री तापमान में प्रोफेशनल्स ने वेस्पा डोसा बना दिया।'

आरपीजी एंटरप्राइज के चेयरमैन हर्ष गोएनका ने वीडियो को कैप्शन देते हुए लिखा, 'हमारी अनोखी भावना को देखिए! यहां एक शख्स बाहर की गर्मी का फायदा उठाकर डोसा बना रहा है।' उनके इस पोस्ट पर कई तरह के कमेंट्स आए, जिसमें एक यूजर ने लिखा, 'रिन्युएबल एनर्जी का इस्तेमाल' जबकि दूसरे ने लिखा, वाह ईंधन और कार्बन फुटप्रिंट की बचत। इससे सरकार को कीमतें घटाने और महंगाई पर काबू करने में मदद मिलेगी।

आपको बता दे, दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्य इस समय भयंकर गर्मी की चपेट में हैं। कई जगहों पर पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।