यहां महिलाएं निकलवा रही हैं कोख, वजह कर देगी सोचने पर मजबूर

महाराष्ट्र के बीड जिले में कई महिलाएं अपनी कोख निकलवा रही हैं। महिलाएं ऐसा इसलिए कर रही है ताकि वो हर दिन खेतों में काम कर सकें। दरअसल, महिलाएं पीरियड्स के दिनों में खेती नहीं कर पाती हैं जिस वजह से उन्होंने कोख निकलवा दी। गन्ने के खेत में फसल काटने वाली महिलाओं का कहना है कि पीरियड्स के दिनों में काम पर नहीं आने पर उनका ठेकेदार पैसे काट लेता है। इसलिए मजबूरन उन्हें अपनी कोख निकलवानी पड़ी। इसकी दूसरी वजह आर्थिक तंगी भी बताई जा रही है। साथ ही पीरियड्स के दौरान महिलाएं अपना ख्याल नहीं रख पाती है जिसकी वजह से कई तरह की बीमारी होने का खतरा बना रहता है। जिस वजह से उनका खर्च हर माह बढ़ जाता है। इससे बचने के लिए महिलाओं के बीच कोख निकालने का दौर चल पड़ा है।

जिले के डॉक्टरों का कहना है कि, मजदूरी करने की वजह से महिलाएं अपनी साफ-सफाई का ध्यान नहीं रख पाती हैं, जिसके चलते उन्हें गर्भाशय की बीमारियों का सामना करना पड़ता है।

बीड की सामाजिक कार्यकर्ता मनीषा तोकले ने बताया, 'पीरियड्स के दौरान कपड़े का इस्तेमाल करने से कई महिलाओं को गर्भाशय का इंफेक्शन हो जाता है, जो कुछ समय के बाद कैंसर का रूप भी ले लेता है। कैंसर का इलाज कराने जब महिलाएं हॉस्पिटल पहुंचती हैं, तो यहां के कुछ डॉक्टर रुपयों के लालच में बीमारी का सही इलाज करने के बजाए कैंसर से मौत का डर दिखाकर गर्भाशय ही निकाल देते हैं और महिलाएं मौत के डर से अपना गर्भाशय निकलवाने के लिए मजबूर हो जाती हैं।'