महाराष्ट्र: अपने जन्मदिन का जश्न मनाने श्मशान घाट पहुंचा शख्स, 100 मेहमानों ने वहीं बैठकर खाया केक

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण कस्बे के एक निवासी ने श्मशान घाट में अपना जन्मदिन मनाया। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, गौतम रत्न मोरे 19 नवंबर को 54 साल के हुए और उन्होंने अपना जन्मदिन मनाने के लिए शनिवार रात को महाणे श्मशान घाट में एक जश्न का आयोजन किया, जिसमें मेहमानों को बिरयानी और केक परोसा गया।

सोशल मीडिया पर इस पार्टी का एक वीडियो बुधवार को सामने आया, जिसमें लोग जन्मदिन का जश्न मनाते दिख रहे हैं। मोरे ने इस मौके पर मीडियाकर्मियों से कहा कि वह लोगों को यह संदेश भी देना चाहते थे कि भूत-प्रेत कुछ नहीं होते। मोरे ने बताया कि उनके जन्मदिन समारोह में 40 महिलाओं और बच्चों सहित 100 से अधिक मेहमान शामिल हुए। उन्हें ऐसा करने के लिए जानी-मानी सामाजिक कार्यकर्ता दिवंगत सिंधुताई सपकाल और दिवंगत नरेंद्र दाभोलकर से प्रेरणा मिली, जिन्होंने काले जादू और अंधविश्वास के खिलाफ अभियान चलाया था।