एक हादसे ने बर्बाद कर दी इस महिला के 19 साल की मेहनत, बनाया था लंबे नाखूनों का वर्ल्ड रिकॉर्ड

कोई भी वर्ल्ड रिकॉर्ड हो उसे बनाना कोई आसान काम नहीं होता हैं। इसके लिए आपको जूनून और शिद्दत की जरूरत होती हैं फिर चाहे वह रिकॉर्ड अतरंगी ही क्यों ना हो। जी हां, आपने कई अतरंगी वर्ल्ड रिकॉर्ड के बारे में सुना होगा जिसमें से एक हैं लंबे नाखूनों का जो कभी ली रेडमंड (Lee Redmond) नामक महिला के नाम हुआ करता था। लेकिन इस महिला के साथ हुए एक हादसे ने सब बर्बाद कर दिया और महिला की 19 साल की मेहनत पर पानी फिर गया। इस हादसे के बाद महिला जैसे टूट सी गई, क्योंकि जिसके लिए उसने सालों मेहनत की, वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया और महज कुछ सेकेंड ने उसका ताज ही छीन लिया। हालांकि उन्होंने अपने टूटे हुए नाखूनों को आज भी सहेज कर रखा हुआ है। वह अब 68 साल की हो चुकी हैं और कहती हैं नाखूनों के न होने से अब उनके रोजमर्रा के काम काफी आसानी से हो जाते हैं।

दरअसल, महिला ने अपने लंबे नाखूनों से वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था। उसे दुनिया की सबसे लंबे नाखूनों वाली महिला कहा जाता था। वो अमेरिका के उटाह की रहने वाली है। उसने साल 1979 से ही अपने हाथों के नाखूनों को काटना छोड़ दिया था और करीब 19 साल के बाद जब उसके नाखून काफी बड़े हो गए, तब गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अधिकारियों ने उससे संपर्क किया और फिर उसके नाखूनों को मापा। इसके बाद उसके नाखूनों को दुनिया में सबसे लंबा माना गया और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में उसका नाम दर्ज हो गया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, साल 2008 तक ली रेडमंड के नाखूनों की लंबाई दुनिया में सबसे ज्यादा थी। उनके दोनों हाथों के नाखूनों को मिलाया जाता तो उसकी कुल लंबाई 28 फीट 4 इंच थी। सिर्फ उनके दाएं हाथ के अंगूठे का ही नाखून 2 फीट 11 इंच लंबा था। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि वह अपने नाखूनों का खूब ध्यान रखती थीं। उसका पेडिक्योर करवाती थीं। इसके अलावा नाखूनों को गर्म ऑलिव ऑयल में डुबाकर रखती थीं, ताकि नाखून सख्त हो जाएं और टूटें ना। साथ ही नाखूनों को वह गोल्ड कलर से पेंट भी करती थीं, ताकि वो कुछ अलग और शानदार दिखें। हालांकि साल 2009 ने उनकी सारी मेहनत को बर्बाद करके रख दिया। दरअसल, फरवरी महीने में उनकी गाड़ी का भयानक एक्सीडेंट हुआ, जिसमें उनकी जान तो बच गई, लेकिन उनके नाखून शरीर से अलग हो गए। ये उनके लिए काफी दुखी कर देने वाला क्षण था। इतना कि वो अपने टूटे हुए नाखूनों को देख कर रो पड़ी थीं।