पार्थिव शरीर के पास बैठा दिखा लंगूर, बंदर के इस वीडियो ने किया सबको भावुक

श्रीलंका से एक अंतिम संस्कार का वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक बंदर पार्थिव शरीर के पास बैठा नजर आ रहा है। बंदर पार्थिव शरीर के पास बैठा है और उसे उठाने की कोशिश कर रहा है। जानकारी के अनुसार ये वीडियो श्रीलंका का है। यहां बाट्टीकोलोआ Batticoloa के रहने वाले 56 साल के पीथंबरम राजन Peethambaram Rajan का निधन 17 अक्टूबर को हो गया। वो लंबे वक्त से बीमार थे। पीथंबरम हमेशा एक लंगूर को खाना खिलाते थे। जब उस लंगूर ने उन्हें मृत देखा तो उसकी प्रतिक्रिया काफी चौंकाने वाली थी जिसे देखकर लोग हैरान भी हुए और भावुक भी।

वीडियो में बंदर पार्थिव शरीर के पास बैठा है और उसे छू रहा है। ऐसा लग रहा है जैसे वो उसे उठाने की कोशिश कर रहा है। लंगूर बड़े ध्यान से आदमी को देख रहा है। वहां मौजूद लोग बड़ी हैरानी से उसे देख रहे हैं और उसका वीडियो भी बना रहे हैं। परिवार ने बताया कि लंगूर काफी वक्त तक शख्स के पास से हटने से मना करता रहा। जब उसे ये पता चल गया कि वो सांस नहीं ले रहा है, तभी वो वहां से हटा।