भारत में यहां दुल्हन की बजाय होती हैं दूल्हे की विदाई, रखा जाता हैं मां का सरनेम

शादी से जुड़े हर क्षेत्र के अपने रीती-रिवाज होते हैं जिनका पालन किया जाता हैं। मान्यता हैं कि शादी के बाद लड़की अपना मायका छोड़कर ससुराल जाती हैं। लेकिन आज इस कड़ी में हम आपको देश के ही एक अनोखे क्षेत्र के बारे में बताने जा रहे हैं जहां दुल्हन की बजाय दूल्हे की विदाई होती हैं और मां का सरनेम रखा जाता हैं। यह जनजाति अनोखी हैं जहां का समाज महिला प्रधान है। हम बात कर रहे हैं मेघालय की खासी जनजाति के बारे में। खासी समाज के लोग मेघालय के अलावा असम, मणिपुर और पश्चिम बंगाल में भी रहते हैं। जबकि पहले ये जाति म्यांमार में रहती थी। ये समुदाय झूम खेती करके अपनी आजीविका चलाता है।

यह भारत के बाकी समाज से बिल्कुल उलट है। इस समुदाय में फैसले घर की महिलाएं ही करती हैं। बाजार और दुकानों पर भी महिलाएं ही काम करती हैं। मां के बाद परिवार की संपत्ति यहां बेटियों के नाम की जाती है। परिवार की सबसे छोटी बेटी पर सबसे अधिक जिम्मेदारी होती है। उसे माता-पिता, अविवाहित भाई-बहनों और संपत्ति की देखभाल भी करनी पड़ती है। वही घर की संपत्ति की मालिक होती है। खास बात ये हैं कि यहां बेटी होने पर खूब खुशियां मनाई जाती हैं। लड़का और लड़की को विवाह के लिए अपना जीवन साथी चुनने की पूरी आजादी दी जाती है। इस समुदाय की खास बात यह है कि खासी समुदाय में किसी भी प्रकार के दहेज की व्यवस्था नहीं है। इस समुदाय के लोग दहेज प्रथा के सख्त खिलाफ होते हैं।

दिलचस्प बात ये है कि बीते कुछ साल से यहां के पुरुषों ने इसे बदलने के लेकर आवाज उठानी भी शुरू कर दी है। उनका कहना है कि वे बराबरी चाहते हैं। मगर आपको बता दें, इस जनजाती में महिला प्रधान समाज होने के बावजूद राजनीति में महिलाओं की मौजूदगी न के बराबर है। खासी समुदाय की परंपरागत बैठक, जिन्हें दरबार कहा जाता है, उनमें महिलाएं शामिल नहीं होतीं। इनमें केवल पुरुष सदस्य होते हैं, जो समाज से जुड़े राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा करते हें और जरूरी फैसले लेते हैं।