जाल में फंसी दुर्लभ व्हेल शार्क तो मछुआरों ने किया ऐसा, वीडियो जिसने भी देखा करने लगा तारीफ

केरल में मछुआरों (Kerala fishermen) का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में बना हुआ है। लोग इस वीडियो को देखकर मछुआरों की तारीफ कर रहे है। दरअसल, इस वायरल वीडियो में आप देख सकते है कि मछुआरों का एक समूह शार्क मछली को वापस समुद्र में छोड़ते हुए नजर आ रहा है। मछुआरे जाली में फंसी व्हेल शार्क (Whale Shark) को निकालते हुए और फिर उसे पानी में छोड़ते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो को ट्विटर पर इनसीजन फिश नाम के यूजर ने शेयर किया है। यह एक समूह है, जो पर्यावरण संरक्षण, स्थायी मत्स्य पालन और महासागरों को स्वच्छ रखने की दिशा में काम कर रहा है। इस वीडियो को केरल के कोझीकोड (Kozhikode) में शूट किया गया है, जिसमें कुछ मछुआरे एक व्‍हेल शार्क की मदद करते हुए नजर आ रहे हैं। शेयर किए गए वीडियो में 7 मछुआरे एक साथ व्हेल शार्क को रस्सी की मदद से उठाते हुए नजर आ रहे हैं और फिर उसे पानी में छोड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं।

वीडियो को शेयर किए जाने के बाद से अब तक 30,000 से अधिक बार देखा जा चुका है। वहीं ट्विटर पर कई यूजर्स मछुआरों की तारीफ कर रहे हैं।

आपको बता दें, व्हेल शार्क समुद्र में सबसे बड़ी मछली होती है और लंबाई में 40 फीट तक पहुंच सकती हैं। वीडियो में नजर आ रही व्हेल शार्क पर सफेद धब्बे नजर आ रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय संघ की लुप्त होने वाली प्रजातियों की सूची में इस व्हेल का नाम भी शामिल है।