सांसद ने संसद में बहस के दौरान ही कर डाला गर्लफ्रेंड को प्रपोज

किसी भी देश की संसद उस देश का गौरव और सम्मान होती हैं। यह वह जगह होती हैं जहां पर देश की जनता से चुने गए प्रतिनिधि बैठते हैं और देश की जनता की परेशनियों पर बहस करते हैं। लेकिन जरा सोचिये की जनता का प्रतिनिधि जनता के मुद्दों की जगह अपने ही निजी काम के लिए आवाज उठाने लगे तो। ऐसा ही कुछ देखने को मिला इटली में जहां सांसद फ्लेवियो डी मुरो ने संसद में बहस के दौरान ही दर्शक दीर्घा में बैठी गर्लफ्रेंड एलिसा डी लिओ के सामने शादी का प्रस्ताव रखा।

इटली के सांसद फ्लेवियो डी मुरो ने गुरुवार को संसद सत्र के दौरान जारी बहस के बीच दर्शक दीर्घा में बैठी गर्लफ्रेंड एलिसा डी लिओ को प्रपोज किया। इसका वीडियो वायरल हो रहा है। सांसद फ्लेवियो ने संसद में प्रपोज करने को लेकर बताया, उनकी गर्लफ्रेंड पूरे राजनीतिक करियर में उनके साथ रहीं। वह 'व्यक्तिगत और राजनीतिक जीवर' उनकी सबसे करीबी हैं। हालांकि, स्पीकर ने बहस के दौरान ऐसा करना अनुचित बताया, वहीं गर्लफ्रेंड ने सांसद के प्रपोजल को स्वीकार कर लिया है।

फ्लेवियो और एलिसा 6 साल से इटली के वेंटीमिग्लिया में साथ रह रहे हैं। सांसद फ्लेवियो ने पिछले साल मार्च में निचले सदन का चुनाव जीता था। सदन के स्पीकर रॉबर्टो फिको ने कहा, मिस्टर सांसद आपके इस कारनामे से मैं थोड़ा प्रभावित जरूर हूं, मैं आपको समझता हूं, लेकिन मैं कार्रवाई के दौरान आपके हस्तक्षेप को सराहनीय नहीं मान सकता।

33 साल के सांसद फ्लेवियो डी मुरो लीग पार्टी के सदस्य हैं। गर्लफ्रेंड को प्रपोज करने के दौरान सदन में भूकंप के बाद पुनर्निर्माण पर बहस चल रही थी। इसी दौरान फ्लेवियो अपनी सीट से उठे और गर्लफ्रेंड से शादी करने का सवाल किया। इसे सुनकर बाकि सांसद आश्चर्य से फ्लेवियो को देखने लगे। दो सांसदों ने सीट से उठकर फ्लेवियों की तारीफ की और गले लगाया। उधर, एलिसा ने प्रपोजल को स्वीकार कर लिया।