आकाशीय बिजली गिरने के बाद भी इस शख्स की बची जान, वीडियो में कैद हुई पूरी घटना

इंडोनेशिया से एक दिल दहलाने देने वाला वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में दिख रहा कि एक शख्स सड़क पर चल रहा है अचानक से उसके ऊपर बिजली गिर जाती है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ये शख्स एक सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम करता है। बिजली सीधे उसके ऊपर आकर गिरी थी। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। मामला राजधानी जकार्ता का है। जानकारी के मुताबिक 35 साल का ये शख्स जकार्ता के उत्तरी हिस्से में कंस्ट्रक्शन के काम से जुड़ी कंपनी के लिए गार्ड के रूप में काम करता है। घटना के समय वह ड्यूटी पर था।

वीडियो में दिख रहा है कि एक शख्स बारिश में छाता लेकर सड़क पर चल रहा है। आसपास भारी वाहन नजर आ रहे हैं। फ्रेम में आने के करीब 15 सेकेंड बाद अचानक से एक धमाके जैसी घटना होती है। जहां ये व्यक्ति चल रहा होता है, वहां आग की चिंगारी देखी जा सकती है। तभी वह पानी से भीगी हुई सड़क पर गिर जाता है। वह खड़ा होने की कोशिश करता है, लेकिन ऐसा कर नहीं पाता।

वीडियो में दिखाई दे रहा है कि घटना के बाद पीड़ित की मदद के लिए आसपास से लोग भागते हुए आते हैं। सिक्योरिटी गार्ड इतने बड़े हादसे के बाद भी जीवित बच गया। उसके हाथ में जलने के निशान हैं। पहले उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन अब घर पर इलाज चल रहा है।