कोरोना लॉकडाउन : घरों में बंद हुए इंसान तो पूल पर बंदर कर रहे मौज-मस्ती, देखे वीडियो

कोरोनो वायरस (Coronavirus, Covid-19) के फैलते संक्रमण की वजह से जहां मनुष्य घरों के अंदर कैद हो गए है वहीं जानवरों ने सड़कों और सार्वजनिक जगहों पर अपना अधिकार जताना शुरू कर दिया है। सड़कों पर खुलेआम घूमते हुए जानवरों के वीडियो लगातार इंटरनेट पर वायरल हो रहे हैं। कुछ दिन पहले नोएडा में एक नीलगाय को सड़क पर टहलते हुए देखा गया था, जबकि उत्तराखंड में एक सोसाएटी के अंदर एक सांभर हिरण देखा गया था। अब, मुंबई के बोरीवली में बंदरों (Monkey) की पूल पार्टी का एक वीडियो इंटरनेट पर चर्चा में आ गया है। वीडियो को बॉलीवुड अभिनेत्री टिस्का चोपड़ा (Tiska Chopra) ने इंस्टाग्राम (Instagram) पर शेयर किया था। वीडियो में एक बंदर बालकनी की रेलिंग पर बैठा दिख रहा है, जबकि एक दूसरा बंदर घर की खिड़की पर मस्ती करते हुए देखा जा सकता है। अचानक वह छलांग लगाकर स्विमिंग पूल में कूद जाता है। एक लंबी डुबकी लगाने के बाद, बंदर फिर इत्मीनान से तैरता हुआ, एक कोने में जाकर बैठ जाता है। इस दौरान कुछ और बंदरों ने भी इसी तरह पूल पार्टी का मजा लिया। वीडियो को शेयर करते हुए एक्ट्रेस ने लिखा 'इंसानों की #PoolParty को देखना और सालों तक किया इंतजार। मौका मिलते ही लगा दी छलांग। #monkeyingaround #everymonkeyhasitsday'। शेयर करते ही वीडियो कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इस वीडियो को 1 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है।

शेयर किए जाने के कुछ घंटों के भीतर वीडियो तेजी से वायरल हुआ और 1 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। कई यूजर्स सहित ताहिरा कश्यप जैसे सेलेब्स ने भी वीडियो पर कमेंट- यह वास्तव में अविश्वसनीय है। हाल ही में मुंबई शहर की ही खाली सड़क पर नाचते एक मोर का वीडियो भी सामने आया था।