भोजन करते ही सूज जाते थे इराकी महिला के गाल, जांच में हुआ खुलासा, दिल्ली में हुआ इलाज

आज के समय में देखा जाता हैं कि कई बीमारियां ऐसी हो जाती हैं जो डॉक्टर की भी समझ से परे होती हैं। ऐसा ही एक मामला देखने को मिला इराक में जब महिला के कुछ भी खाने के बाद उसके गाल सूज जाते थे जिसे देख डॉक्टर भी हैरान रह गए। 66 वर्षीय महिला की परेशानी डॉक्टरों के लिए भी एक गंभीर समस्या बन गई थी। दरअसल, महिला जब भी खाना खाती थी, तो उसके गाल सूज जाते थे।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिला के पैरोटिड ग्लेंड यानी लार ग्रंथि में पथरी थी और वो भी एक-दो नहीं बल्कि कुल 53 पथरियां थीं। इन पथरियों की वजह से ही कुछ भी खाते ही महिला के गालों में सूजन आ जाती थी। अब बारी थी महिला की लार ग्रंथि से पथरी निकालने की, लेकिन इराक के डॉक्टरों के लिए यह आसान नहीं था। उन्होंने महिला से कहा कि उसके चेहरे पर बिना कोई निशान छोड़े पथरियों को निकालना संभव नहीं है, लेकिन महिला ऐसा नहीं चाहती थी। इसलिए उसने भारत का रूख किया।

दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में महिला की सर्जरी हुई और डॉक्टरों ने उसकी लार ग्रंथि से सभी 53 पथरियां निकाल दी। डॉक्टरों के मुताबिक, यह दुनिया का पहला ऐसा मामला है, जब किसी की लार ग्रंथि में इतनी सारी पथरियां मिलीं और उन्हें निकाला गया। गंगाराम अस्पताल में ईएनटी के कंसलटेंट और सर्जरी करने वाली टीम के डॉक्टर वरुण राय ने बताया कि यह काफी मुश्किल भरा काम था कि बिना कोई निशान छोड़े छह सेमी. लंबी और 3-4 सेमी. चौड़ी ग्रंथि से सभी पथरियों को निकाल दिया जाए। हालांकि पूरे दो घंटे की सर्जरी के बाद सभी पथरियों को निकाल दिया गया।