मस्जिद में हिंदू रीति-रिवाजों से होगा विवाह, दुल्हन को मिलेंगे 10 तोला सोना और 2 लाख रुपए के उपहार

19 जनवरी को केरल की एक मस्जिद में हिंदू रीति-रिवाजों से 22 साल की दुल्हन अंजू की शादी शरत शशि से होगी। इस शादी का जिम्मा चेरुवल्लि मुस्लिम जमात समिति ने उठाया है। दरअसल, एक साल पहले दुल्हन के पिता अशोकन का निधन हो गया था। परिवार इतना सक्षम नहीं था कि वह शादी का खर्च उठा सके। जिसके बाद परिवार ने मस्जिद समिति से मदद करने को कहा और समिति इसके लिए तैयार हो गई। समिति के सचिव नुजुमुद्दीन अलुमुट्टिल ने बताया कि लड़की के परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। परिवार ने हमसे मदद का अनुरोध किया था। इसके बाद हम आगे आए। इसके अलावा मस्जिद समिति अंजू को 10 तोला सोना और दो लाख रुपए उपहार के रूप में देगी। विवाह हिंदू रीति-रिवाजों के साथ मस्जिद में होगा। समिति ने एक हजार लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की है।

इसके अलावा दोनों की विवाह का कार्ड भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कार्यक्रम के मुताबिक अलप्पुझा की मस्जिद परिसर में शरत शशि और अंजू की शादी 19 जनवरी को सुबह 11:30 से 12:30 बजे के बीच होगी।