-45 डिग्री सेल्सियस पहुंचा इस शहर का तापमान, हवा में जम गए अंडा और नूडल्‍स

पहाड़ों पर लगातार हो रहे हिमपात के कारण देश के कई हिस्‍सों में ऐसी कड़ाके वाली ठंड पड़ रही है कि इसमें हाथ-पैर जम जाने जैसा महसूस होता है। लेकिन अगर हम आपको एक ऐसी ही जगह के बारे में बताएं, जहां ठंड की वजह से हवा में ही चीजें जम जा रही हैं तो आप शायद चौंक जाएंगे। लेकिन यह सच है। सोशल मीडिया पर एक फोटो वायरल हो रही है इसमें एक टेबल पर प्‍लेट में रखा एक अंडा ठंड की वजह से हवा में जम गया। इतना ही नहीं इसके बगल में रखे नूडल्‍स भी जम गए। अंडे को बीच से तोड़ा जा रह था तभी वो जम गया। वहीं नूडल्‍स को खाने के लिए उठाया जा रहा था, इस बीच वो भी हवा में जम गई।

यह फोटो रूस के साइबेरिया के नोवोडिबिस्‍क की है। वहां इन दिनों बेहद ठंड पड़ रही है। शहर का तापमान भी -45 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। ऐसे में लोग अपने घरों में दुबक गए हैं। जानकारी के मुताबिक इस शहर में साल भर ठंडा मौसम रहता है।