क्रिकेट मैदान में नहीं खेतों में पसीना बहा रहे है धोनी, देखे वीडियो

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) पिछले काफी समय से क्रिकेट के मैदान से दूर है। इस समय वह क्रिकेट मैदान में नहीं खेती में हाथ आजमा रहे है। यह सुनकर आपको भले ही आश्चर्य लग रहा हो, परंतु यह सौ फीसदी सही है। जी हां, इसकी जानकारी खुद महेंद्र सिंह धोनी ने अपने फेसबुक पेज पर एक वीडियो पोस्ट कर दी है। बुधवार को अपने फेसबुक अकाउंट पर धोनी ने एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह 'जैविक खेती' की शुरुआत करते दिख रहे हैं। इस वीडियो के साथ धोनी ने लिखा है, 'रांची में 20 दिनों में खरबूजा और पपीता की ऑर्गेनिक खेती की शुरुआत की है। इस बार बहुत उत्साहित हूं।' वीडियो में 'माही' खेती शुरू करने से पहले विधिवत ढंग से पूजा-अर्चना करते दिख रहे हैं। इस दौरान वे नारियल भी फोड़ते हैं। इसके बाद धोनी कुछ लोगों के साथ बुआई शुरू करते दिख रहे हैं।

बता दें कि धोनी ने आखिरी बार अपना अंतरराष्ट्रीय मैच जुलाई 2019 में वर्ल्ड कप के दौरान खेला था। सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के हाथों टीम इंडिया की हार के बाद धोनी के संन्यास की अटकलें तेज हो गई थीं। लेकिन धोनी ने इसके बाद भारतीय सेना के साथ समय बिताने और अपनी सेवाएं देने का फैसला किया। इस दौरान वे कई सारी द्विपक्षीय सीरीज से बाहर रहे। अब 29 मार्च से शुरू होने वाले आईपीएल में सीएसके के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की वापसी होनी तय है। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला चेन्नई और रोहित की मुंबई के बीच खेला जाएगा।

इन दिनों धोनी रांची में हैं और मित्रों के साथ घूम भी रहे हैं। धोनी जेएससीए स्टेडियम में अभ्यास भी कर रहे हैं और जिम में पसीना भी बहा रहे हैं। धोनी बुधवार को अपने कई पुराने मित्रों के साथ पतरातू घाटी, सिकिदरी घाटी क्षेत्र में प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद भी उठाने भी पहुंचे थे। इस दौरान धोनी खुद कार चला रहे थे।