महिला बॉस ने कर्मचारियों की अच्छी परफॉर्मेंस पर अनूठे तरीके से किया सम्मानित, आप भी रह जाएंगे हैरान

अक्सर आपने देखा होगा कि जब भी कभी ऑफिस में कर्मचारियों द्वारा अच्छा काम किया जाता हैं तो सीनियर्स द्वारा उनका प्रोत्साहन बढ़ाने के लिए उनकी तारीफ़ की जाती हैं और तोहफा भी दिया जाता हैं। लेकिन क्या आपने कभी ऐसा देखा हैं कि कर्मचारियों की अच्छी परफॉर्मेंस पर बॉस उनके पैर धोते हुए नजर आया हो। नहीं ना, लेकिन चीन में कुछ ऐसा ही देखने को मिला है। यहां दो महिला अफसरों ने बेहतरीन काम के लिए अपनी कंपनी की आठ कर्मचारियों के पैर धोकर उन्हें सम्मानित किया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कर्मचारियों के सम्मान के लिए बाकायदा एक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया था, जिसमें कर्मचारियों के पैर धोने के अलावा कंपनी की प्रेसिडेंट और एक अन्य महिला अधिकारी ने हाथ जोड़कर उनका अभिवादन किया।

दरअसल, कर्मचारियों को कंपनी की तरफ से जो टारगेट दिया गया था, उससे कहीं अधिक उन्होंने सेल किया था। इससे कंपनी को अच्छा खासा फायदा हुआ था। यहीं वजह है कि कर्मचारियों का कुछ अलग तरीके से सम्मान किया गया। कंपनी का कहना है कि कर्मचारियों को अवॉर्ड ऑफ द ईयर तो सभी देते हैं, लेकिन हमारा यह अनोखा सम्मान कर्मचारियों का हौसला और बढ़ाएगा।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कई लोगों ने कंपनी के इस अनोखे प्रयास की सराहना की है तो वहीं कई लोगों ने इसकी आलोचना भी की है। सोशल मीडिया पर एक यूजर ने लिखा है कि 'यह एक उपलब्धि है, जिसे कर्मचारी अपने रिज्यूमे में रख सकते हैं।' वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा है कि कर्मचारियों के पैर धोने से बेहतर होता कि उन्हें बोनस दे दिया जाता।