चोरी हुए 13.45 लाख के सोने के बदले पुलिस ने दिया डेढ़ करोड़ का सोना, जानें हैरान कर देने वाला मामला

जब भी कभी घर से कोई सामान चोरी होता हैं और पुलिस उसे बरामद करती हैं तो वह सामान एक प्रक्रिया के बाद उसके मालिक को लौटा दिया जाता हैं। लेकिन इससे जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया हैं मुंबई से जहां एक परिवार का 13.45 लाख का सोना चोर चुराकर ले गए थे लेकिन अब पुलिस ने उन्हें डेढ़ करोड़ का सोना दिया हैं। अब आप सोच रहे होंगे कि ऐसा कैसे हो सकता हैं! इसके पीछे एक हैरान करने वाली कहानी हैं। तो आइये जानते हैं इसके बारे में।

जी दरअसल इस पूरे मामले में मिली जानकारी के तहत, कुलाबा में रहने वाले अर्जुन दस्वानी के घर साल 1998 में चोरी हुई थी। बदमाशों ने घर में घुसकर उन्हें और उनकी पत्नी को बंधक बना लिया था और सोने के जेवरात और पुराने सोने के सिक्के चोरी किए थे। वहीं इस पूरे मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जबकि दो आरोपी फरार हो गए थे। इस मामले की सुनवाई को दौरान कोर्ट ने आदेश दिए थे कि जब तक बाकी दो आरोपी पकड़े ना जाएं चोरी की सामान मालिकों को नहीं सौंपा जाएगा। वहीं साल 2007 में अर्जुन दस्वानी की मौत हो गई और इसके बाद परिवार सोना चोरी के मामले को लगभग भूल चुका था। हालाँकि बीते साल कोर्ट ने मुंबई पुलिस को चोरी का सोना इसके मालिकों को सौपने की इजाजत दे दी।

इस पूरे मामले के बारे में मुंबई पुलिस के एसीपी पांडुरंग शिंदे ने बताया कि साल 2002 से ही वो सोना पुलिस के पास था। बीते साल पुलिस कमिश्नर ने हमें एक अभियान चलाने को बोला था कि जिनका चोरी गया सोना बरामद हुआ था वो उनके मालिकों को लौटा दिया जाए। हमने इस बारे में सोने के मालिक की मदद से कोर्ट में अर्जी दी थी, जिसके बाद कोर्ट ने परमिशन दी और सोना उनके मालिक को लौटाया गया। वहीं अब सोना वापस मिलने से दस्वानी परिवार खुश है। ऐसा इसलिए क्योंकि सोने के कीमत करोड़ों में होने के साथ-साथ उन्हें अपने पूर्वजों की धरोहर भी वापस मिली है।