पालतू जानवरों के लिए आया अनोखा डिवाइस, जब चाहे तब अपने मालिक से कर सकेंगे वीडियो कॉल

कई लोग अपने घर में जानवरों को पालते हैं और उन्हें अपने बच्चों की तरह ही समझते हैं। पालतू जानवरों की देखभाल करते हुए उनके अच्छे खानपान का ध्यान भी रखा जाता हैं। कई लोग चाहते हैं कि उनके पालतू जानवर हमेशा उनकी आंखों के सामने रहे। ऐसे में वैज्ञानिकों ने तकनीक विकसित करते हुए एक ऐसे डिवाइस का इजाद किया हैं जिसकी मदद से पालतू जानवर जब चाहे तब अपने मालिक से वीडियो कॉल कर सकेगा।

वैज्ञानिकों ने एक प्रोटोटाइप डॉगफोन डिवाइस बनाई है। ये डिवाइस एक बॉल की तरह दिखती है, जो गतिविधियों को पहचान सकती है और कम्प्यूटर से कनेक्ट हो सकती है। इससे वीडियो कॉल किए जा सकते हैं। इस तरह के आविष्कार को अपनी तरह का पहला आविष्कार बताया जा रहा है। इसे यूनिवर्सिटी ऑफ ग्लासगो की डॉक्टर इलियेना ने आल्टो यूनिवर्सिटी के अपने साथी के साथ मिलकर बनाया है।

इस डिवाइस को डॉक्टर इलियेना ने अपने 10 साल के डॉग जैक के लिए बनाया है। वे एनिमल-कम्यूटर इंटरैक्शन की विशेषज्ञ हैं। उनका कहना है कि इंटरनेट से कनेक्टेड तमाम स्मार्ट टॉयज़ बाज़ार में मौजूद हैं। फिर भी डॉग ओनर्स अपने पेट्स से कनेक्ट होने की डिवाइस चाहते हैं। जैक ने जब डॉगफोन डिवाइस का इस्तेमाल किया, तो कई बार ये एक्सिडेंटली हो गया, तो कई बार उसने खुद कॉल लगाया। अच्छी बात ये रही कि बॉल को शेक करने पर इसमें लगे एक्सीलेरोमीटर ने काम किया और इससे वीडियो कॉल लग गई।

जैक को इलियेना ने ये डिवाइस तब दी, जब वो 16 दिन के लिए बाहर थीं। उसने कई बार इससे कॉल लगाई और उन्हें स्क्रीन पर देखने के बाद वो काफी खुश हुआ। उसने वैसे ही उन्हें अपने खिलौने दिखाने चाहे, जैसे वो घर में दिखाता था। उन्होंने जैक को अपने आस-पास का माहौल दिखाने की कोशिश की। इन कॉल्स से ये साफ हो गया कि जैक वाकई अपने ओनर से दूर रहकर भी फोन के ज़रिये बात करना चाहता था। इस बॉल जैसी डिवाइस को बेहतर बनाने के लिए अब भी रिसर्च चल रही है।