फ्रांस : 6 महीने की गर्भवती महिला को जंगली कुत्तों ने मार डाला

फ्रांस के जंगल से एक 29 वर्षीय महिला का शव बरामद किया गया है। जांचकर्ताओं ने बताया कि महिला कुत्ते को घुमाने के लिए जंगल में गई थी लेकिन वहां पर जंगली कुत्तों ने उसे मार डाला। महिला का नाम एलीसा पिलार्स्की है और उसका शव शनिवार को विलर्स-कॉतरे शहर के जंगल के बाहर पाया गया। यह शहर पेरिस से 90 किमी पूर्वोत्तर में स्थित है। पिलार्स्की 6 महीने की गर्भवती थी। पुलिस ने बताया कि जब महिला को जंगली कुत्तों से खतरा महसूस हुआ तो उसने अपने पति को फोन किया। लेकिन जब तक वह वहां पहुंचा तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। पति ने देखा कि पालतू कुत्ता घायल है और पत्नी मृत पड़ी हुई थी।

प्रॉसिक्यूटर फ्रेडरिक त्रिन ने कहा कि पोस्टमॉर्टम से पता चला है कि महिला की मौत कई कुत्तों के काटने के बाद ज्यादा खून बह जाने से हो गई। किन कुत्तों ने महिला को काटा, इसकी भी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि करीब 93 कुत्तों की जांच की गई है और महिला के 5 पालतू कुत्तों का भी परीक्षण किया गया।