पैदल चलना पसंद नहीं है इस डॉगी को, लोगों के साथ बस और मेट्रो में करता है सफर, देखें वीडियो

आपने पालतू जानवरों को उनके मालिकों के साथ टू व्हीलर और फोर व्हीलर पर सवार होकर घूमते तो कई बार देखा होगा लेकिन क्या कभी आवारा कुत्ते को पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करते देखा है। यह पढ़कर आपको जरुर हैरानी हुई होगी लेकिन यह सच है। तुर्की के इस्तांबुल का एक आवारा कुत्ता इन दिनों सोशल मीडिया पर सेंसेशन बना हुआ है। यह आवारा कुत्ता न केवल बसों, मेट्रो और ट्रेन में सफर करता है, बल्कि आम लोगों की तरह सीढ़ियों और लिफ्ट का भी इस्तेमाल करता है। सोशल मीडिया पर इस कुत्ते के कई फोटोज और वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें कुत्तें को बस में और मेट्रो में सफर और सीढ़ियों पर चलते हुए देखा जा सकता है। इस कुत्ते का नाम बोजी है।

बोजी नाम का ये कुत्ता इतना समझदार है कि वह हर पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करता है और सबसे खास बात यह है कि इस कुत्ते को रूट तक मालूम हैं। इस्तांबुल में बोजी को ट्रैवल करते देख अब यहां के लोगों को ज्यादा हैरानी नहीं होती। लेकिन यह बाकी दुनिया के लोगों के लिए किसी अजूबे से कम नहीं है। दिलचस्प बात ये है कि बोजी सभी नियम कानून फॉलो करता है। वह मेट्रो में सफर से पहले सिक्युरिटी चेकिंग का इंतजार भी करता है।

बता दें कि बोजी, सिवास कैंगल और शेफर्ड की क्रॉस ब्रीड है। इसे पैदल चलना शायद पसंद नहीं है। यही वजह है कि आम लोगों की तरह ही एक जगह से दूसरी जगह जाने के लिए यह भी पब्लिक ट्रांसपोर्ट का सहारा लेता है। धीरे-धीरे जब लोगों ने नोटिस किया कि कोई कुत्ता उनकी ही तरह सफर करता है, तो उन्होंने इसके वीडियो बनाने शुरू कर दिए।