फ्रांस : डायनासोर की 1400 लाख साल पुरानी 6.6 फीट लंबी जांघ की हड्डी मिली

फ्रांस के शैरेंट क्षेत्र के आंजेक जंगल में खुदाई के दौरान शाकाहारी डायनासोर सॉरोपॉड के जांघ की 6.6 फीट लंबी और 500 किलोग्राम वजनी हड्डी मिली है। यह हड्‌डी लगभग 1400 लाख साल पुरानी बताई जा रही है। यह हड्डी खोनियेक शहर के पास शैरॉन्ट इलाके में एक अंगूर के बाग में पाई गई हैं। यहां क़रीब 70 वैज्ञानिक काम कर रहे थे। बता दे, सॉरोपॉड डायनासोर चौपाया जीवों के उप समूह की प्रजाति है। इनकी गर्दन और पूंछ लंबी होती थी। मुंह छोटा और शरीर का बाकी का हिस्सा मोटा होता था। सॉरोपॉड सबसे बड़े शाकाहारी डायनासोर थे। जुरासिक काल के आखिरी वर्षों में सॉरोपॉड सामान्य तौर पर पाए जाते थे। जीवाश्म वैज्ञानिकों का कहना है कि इतने समय बाद भी हड्डी जिस तरह संरक्षित थी, वो ये देखकर हैरान हैं।

नेशनल हिस्ट्री म्यूज़ियम ऑफ़ पेरिस के रोनान एलेन ने लो पारिज़ियांग अख़बार से कहा, 'हम इसमें मांसपेशियों का जुड़ाव और घावों को देख सकते हैं। बड़ी हड्डियों के साथ ऐसा बहुत ही कम होता है। वो अपने आप ही टूटकर नष्ट हो जाती हैं।'

इसी जगह साल 2010 में सॉरोपॉड की ही एक 6 फीट की जांघ की हड्डी पाई गई थी। साल 2010 से 45 से अधिक प्रजाति के 7500 से ज़्यादा डायनासोर के जीवाश्म पाए गए हैं। लो पारिज़ियांग की एक रिपोर्ट के मुताबिक यहां स्टेगोसॉरोसिस की हड्डियां और शुतुरमुर्ग डायनासोर का एक झुंड पाया गया है।