मुंबई: सिद्धिविनायक मंदिर में दिल्ली के श्रद्धालु ने दान किया 35 किलो सोना, कीमत 14 करोड़ रुपये

मुंबई स्थित लोकप्रिय सिद्धिविनायक मंदिर को 35 किलोग्राम सोने का दान मिला है। जिसकी बाजार में कीमत 14 करोड़ रुपये के आसपास बताई जा रही है। मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर को देश के सबसे अमीर मंदिरों में से एक माना जाता है। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के रहने वाले श्रद्धालु ने हफ्ते भर पहले मंदिर को यह सोना दान में दिया था। सिद्धिविनायक मंदिर में भगवान गणेश की प्रतिमा को हर साल करोड़ों का चढ़ावा आता है। अधिकतर ये दान नकदी में होता है। कुछ श्रद्धालु सोना, चांदी और अन्य कीमती रत्न भी दान में चढ़ाते हैं। श्रद्धालु द्वारा दान में मिले 35 किलो सोने का इस्तेमाल मंदिर के दरवाजे और छत बनाने में किया जाएगा।

बता दे, 2017 में मंदिर को 320 करोड़ रुपये का चढ़ावा मिला था जिसका इस्तेमाल सामाजिक कार्यों के लिए किया गया। बीते साल ये चढ़ावा बढ़ कर 410 करोड़ रुपये हो गया। मंदिर ट्रस्ट के मुताबिक ‘इस पैसे का इस्तेमाल उन लोगों के लिए किया जाएगा जो मंदिर का द्वार खटखटाते हैं। हम 20,000 लोगों की मदद कर चुके हैं।’ हालाकि, 35 किलोग्राम सोने का दान किसने किया है मंदिर ने श्रद्धालु की पहचान उजागर करने से मना कर दिया है।