
दिल्ली पुलिस सोशल मीडिया पर हमेशा से अपनी सक्रियता और क्रिएटिव पोस्ट्स के लिए जानी जाती है। इस बार भी आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की पहली ट्रॉफी जीतने के बाद, दिल्ली पुलिस ने X (पूर्व में ट्विटर) पर ऐसा मजेदार पोस्ट किया, जिसने कुछ ही घंटों में पूरे इंटरनेट पर धूम मचा दी। इस पोस्ट को यूजर्स अलग-अलग नजरिए से देख रहे हैं—कुछ इसे 18 साल से कम उम्र में ड्राइविंग करने वालों के लिए एक सोशल अवेयरनेस का प्रयास मान रहे हैं, तो कुछ लोगों को इसमें RCB की 18 साल की लंबी प्रतीक्षा पर एक हल्का-फुल्का कटाक्ष नजर आया।
RCB की जीत पर क्रिएटिव अवेयरनेस पोस्टदिल्ली पुलिस ने RCB को सीधे तौर पर बधाई न देते हुए एक रचनात्मक अवेयरनेस पोस्ट जारी किया, जो जागरूकता और बधाई—दोनों का संदेश दे रहा था। X पर पोस्ट की गई इस तस्वीर में लिखा था: देख लो, 18 साल इंतजार किया। और तुम अभी से कार-बाइक चलाने की जिद करते रहते हो पापा-मम्मी से।
इसके साथ ही दिल्ली पुलिस ने कैप्शन में लिखा: विराट जीत के लिए धैर्य जरूरी है।पोस्ट में RCB के 18 साल बाद पहली बार ट्रॉफी जीतने की मिसाल देते हुए यह संदेश देने की कोशिश की गई कि धैर्य से बड़ी से बड़ी सफलता पाई जा सकती है। वहीं दूसरी ओर यह भी समझाया गया कि कम उम्र में ड्राइविंग से बचना चाहिए और सही उम्र का इंतजार करना ज़रूरी है।
यूजर्स बोले – 'दिल्ली पुलिस का चौका सीधा मैदान के बाहर'दिल्ली पुलिस की इस पोस्ट को महज कुछ घंटों में ही X पर 4.32 लाख से ज्यादा बार देखा गया। लगभग 23,000 यूजर्स ने इसे लाइक किया और 300 से अधिक लोगों ने कमेंट करते हुए अपनी प्रतिक्रिया दी।
यूजर्स कमेंट सेक्शन में इस पोस्ट की टाइमिंग और क्रिएटिविटी की तारीफ करते नहीं थक रहे।
एक यूजर ने लिखा: दिल्ली पुलिस अपने बेस्ट मोड पर है!
दूसरे ने कहा: अरे वाह! मौके पर आप चूकते नहीं हैं!
तीसरे यूजर ने कमेंट किया: सच में मजेदार था।
वहीं चौथे ने कहा: दिल्ली पुलिस भी खेल गए!
कुल मिलाकर, यह पोस्ट सोशल मीडिया पर एक परफेक्ट टाइमिंग और सटीक संदर्भ के साथ वायरल हो गई। लोगों ने इसे न केवल मनोरंजन के नजरिए से देखा, बल्कि एक महत्वपूर्ण संदेश भी लिया।