Viral Video: दिल्ली मेट्रो में महिला सीट नहीं छोड़ रहा था व्यक्ति, लोगों ने जमकर लिए मजे

दिल्ली मेट्रो से जुड़े वीडियो अक्सर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन जाते हैं। कभी यात्रियों के बीच विवाद देखने को मिलता है तो कभी कोई रील बनाते हुए नजर आता है। इस बार जो वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, उसमें एक युवक भीड़भाड़ वाले मेट्रो कोच में महिलाओं के लिए आरक्षित सीट पर बैठा दिखाई देता है। दावा किया जा रहा है कि महिलाओं के सीट मांगने के बावजूद वह वहां से उठने को तैयार नहीं होता। इस दौरान आसपास मौजूद लोग उससे सीट खाली करने की अपील करते हैं, लेकिन युवक अपनी जगह पर बैठा रहता है। बहस बढ़ने पर कुछ यात्री उसकी हूटिंग भी करने लगते हैं। जब उसे बताया जाता है कि उसका वीडियो वायरल हो सकता है, तो वह जवाब देता है, कर दो मुझे वायरल।

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि मेट्रो के व्यस्त कोच में युवक महिला आरक्षित सीट पर बैठा हुआ है। कुछ महिलाएं उसके सामने खड़ी नजर आती हैं और उससे सीट छोड़ने का अनुरोध करती हैं। आसपास मौजूद अन्य यात्री भी उसे उठने के लिए कहते हैं, लेकिन वह लगातार बैठा रहता है। कुछ देर बाद वह यह कहते हुए सीट से उठता है कि अब उसका स्टेशन आने वाला है।

इसी दौरान वीडियो रिकॉर्ड कर रही महिला उससे कहती है, भैया, अब तो शांत हो जाइए। आप बड़े हैं, थोड़ी तमीज से पेश आइए। इस पर युवक पलटकर सवाल करता है, मैं इनसे बड़ा हूं? तभी सीट पर बैठने आई एक महिला जवाब देती है कि, हां, यह तो साफ दिख रहा है कि कौन बड़ा है और कौन छोटा। इसके बाद माहौल और गर्म हो जाता है। महिला फिर आवाज लगाकर कहती है, आ जाइए, अब बैठ जाइए। वहीं युवक जवाब देता है, मेरी मर्जी है, मैं नहीं बैठना चाहता।
बहस के दौरान वीडियो बना रही महिला युवक से कहती है, भैया, आप तो वायरल हो जाएंगे। पूरे कोच में हंगामा करा दिया आपने। यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब चलेगा। इस पर युवक बिना झिझक जवाब देता है, हां, कर दो मुझे वायरल... वायरल कर दो। इसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर तेजी से शेयर किया जाने लगा और देखते ही देखते चर्चा का विषय बन गया।

सोशल मीडिया पर बंटी लोगों की राय

वीडियो वायरल होने के बाद इंटरनेट यूजर्स ने इस पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दी हैं। कुछ लोगों ने युवक के व्यवहार की आलोचना की, जबकि कई यूजर्स ने पूरे घटनाक्रम को अलग नजरिए से देखने की बात कही। एक यूजर ने व्यंग्य करते हुए लिखा, आखिर कोई व्यक्ति मेट्रो में आराम से बैठ भी क्यों नहीं सकता? वहीं एक महिला यूजर ने टिप्पणी करते हुए कहा कि पहले पूरी परिस्थिति समझनी चाहिए और फिर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर भूमिकाएं उलट होतीं तो लोगों की प्रतिक्रिया क्या होती।

एक अन्य यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, आंटी, लेडीज कोच में जाइए। वहीं कुछ लोगों ने कहा कि सार्वजनिक परिवहन में सभी यात्रियों को एक-दूसरे के प्रति सम्मानजनक व्यवहार करना चाहिए और किसी भी घटना पर बिना पूरी जानकारी के फैसला नहीं सुनाना चाहिए। एक अन्य टिप्पणी में लिखा गया कि दिल्ली मेट्रो में जेंडर इक्वालिटी को लेकर बहस नई नहीं है। फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर लगातार अपनी राय साझा कर रहे हैं।