राजधानी की लाइफलाइन मानी जाने वाली दिल्ली मेट्रो एक बार फिर गलत कारणों से सुर्खियों में है। सफर के दौरान अनुशासन और शालीनता की उम्मीद की जाती है, लेकिन हाल ही में सामने आए एक वीडियो ने यात्रियों के व्यवहार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे इस क्लिप में दो युवक, जिन्हें कॉर्पोरेट प्रोफेशनल बताया जा रहा है, मेट्रो कोच के भीतर ही आपस में उलझते दिखाई दे रहे हैं। मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और पूरा डिब्बा हंगामे का गवाह बन गया।
वीडियो में नजर आता है कि चलती मेट्रो के एक कोच में अचानक बहस तेज हो जाती है। पहले तीखी नोकझोंक होती है, फिर मामला हाथापाई तक पहुंच जाता है। दोनों युवक एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाने लगते हैं। एक शख्स दूसरे को पकड़कर नीचे झुकाने की कोशिश करता है, जबकि दूसरा खुद को छुड़ाने के लिए संघर्ष करता दिखाई देता है। कुछ ही सेकंड में माहौल इतना तनावपूर्ण हो जाता है कि आसपास खड़े यात्री घबरा जाते हैं।
सहमे यात्रीकोच में मौजूद कई लोगों ने झगड़ा रोकने की कोशिश की। कुछ यात्रियों ने आगे बढ़कर दोनों को अलग करने का प्रयास किया, लेकिन गुस्से में बेकाबू हुए युवक किसी की सुनने को तैयार नहीं थे। हालात ऐसे हो गए कि सामान्य यात्रा का अनुभव कुछ देर के लिए अखाड़े जैसा प्रतीत होने लगा।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर @gharkekalesh नाम के हैंडल से साझा किया गया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया। यूजर्स ने इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं। किसी ने व्यंग्य में लिखा, “दिल्ली मेट्रो में आपका स्वागत है”, तो किसी ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसे हिंसक व्यवहार करने वालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। एक अन्य यूजर ने कटाक्ष करते हुए टिप्पणी की कि मेट्रो अब ‘कलेशी मेट्रो’ बनती जा रही है।