छुट्टे नहीं थे तो ऑटो वाले ने कहा- ‘कोई बात नहीं, जाइए’, विदेशी महिला ने बदले में जो किया वो दिल छू लेगा

दिल्ली में ऑटो रिक्शा से सफर कर रही एक विदेशी महिला के साथ ऐसा वाकया हुआ, जिसने उन्हें भावुक कर दिया। किराया चुकाने के लिए महिला के पास छुट्टे पैसे नहीं थे। उन्होंने जब ऑटो चालक से चेंज की बात कही तो चालक ने किराया लेने से ही इनकार कर दिया। चालक के इस व्यवहार से प्रभावित महिला ने बाद में उन्हें 2,000 रुपये दिए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

यह वीडियो यात्रा कंटेंट क्रिएटर तारा इंग्राम ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट @givingjoyfully_25 पर शेयर किया है। वीडियो में दिल्ली में ऑटो की सवारी के दौरान महिला और चालक के बीच हुई बातचीत दिखाई गई है। गंतव्य पर पहुंचने के बाद महिला ने चालक को बताया कि उनके पास किराए के लिए जरूरी छुट्टे पैसे नहीं हैं और वह चेंज चाहती हैं।

चालक ने कहा- कोई बात नहीं, जाइए आप

महिला की बात सुनने के बाद ऑटो चालक ने मुस्कुराते हुए हिंदी में कहा, “कोई बात नहीं, जाइए आप।” इसके बाद उन्होंने अंग्रेजी में भी उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा, “डोंट वरी।”

महिला को चालक की बात पर भरोसा नहीं हुआ। उन्होंने दोबारा पूछा, “Are you sure?” यानी क्या वह वाकई किराया नहीं लेना चाहते। चालक ने फिर अपनी बात दोहराई और कहा कि कोई समस्या नहीं है।

इस दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति ने दोनों की बातचीत सुन ली और मदद के लिए आगे आया। भाषा की परेशानी को देखते हुए महिला ने उसी व्यक्ति से चालक तक अपनी बात पहुंचाने के लिए कहा।

महिला ने कहा- मैं उनके लिए कुछ अच्छा करना चाहती हूं

महिला ने अनुवादक के जरिए चालक को धन्यवाद देने की इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि वह चालक को अपनी तरफ से 2,000 रुपये देना चाहती हैं और उनके लिए कुछ अच्छा करना चाहती हैं।

इसके बाद महिला ने चालक को 2,000 रुपये सौंप दिए। चालक ने खुशी जाहिर की और महिला को धन्यवाद दिया। बातचीत के दौरान महिला ने चालक को आशीर्वाद देते हुए कहा, “आपका परिवार सुखी रहे।”

इसके जवाब में चालक ने बताया कि उनके चार बच्चे हैं। इस बातचीत के दौरान दोनों के बीच का यह छोटा सा भावनात्मक पल वीडियो में दर्ज हो गया।
सोशल मीडिया पर लोगों ने की दोनों की तारीफ

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने इस घटना पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं दीं। बड़ी संख्या में लोगों ने महिला और ऑटो चालक, दोनों के व्यवहार को दयालुता से जोड़कर देखा।

एक यूजर ने लिखा, “दयालुता हमेशा, हमेशा, हमेशा जीतती है।” वहीं एक अन्य ने भारत की तारीफ करते हुए लिखा, “भारत से प्यार भेज रहा हूं।”

किसी ने महिला के लिए लिखा, “भगवान आपका भला करे, बहन।” एक अन्य यूजर ने इस घटना को भारत की खासियत से जोड़ते हुए कहा, “भारत अद्भुत है।”

एक यूजर ने चालक की मुस्कान का जिक्र करते हुए लिखा कि अच्छे दिल वाले इंसान को देखकर ही इसका अंदाजा लगाया जा सकता है और उसकी मुस्कान सब कुछ बयां कर देती है।

एक अन्य प्रतिक्रिया में यूजर ने कहा कि ऐसे वीडियो देखकर उन्हें लगता है कि इंसान जो कुछ देता है, वह किसी न किसी रूप में उसके पास वापस आता है। उन्होंने यह भी लिखा कि बात सिर्फ दी गई रकम की नहीं है, बल्कि ‘अच्छा करो, अच्छा पाओ’ के सिद्धांत की खूबसूरती की है।

विदेश से भी आई प्रतिक्रिया

इस वीडियो पर एक यूजर ने लिखा, “यह हमारा अद्भुत भारत है। भारत में आपका स्वागत।” वहीं एक अन्य व्यक्ति ने ऑटो चालक के लिए खुशी जताते हुए लिखा, “चाचा के लिए खुश हूं।”

एक यूजर ने महिला के इस व्यवहार की तारीफ करते हुए लिखा, “आपने बहुत अच्छा काम किया है, महोदया। एक दिन आपको अपने अच्छे कर्मों का फल अवश्य मिलेगा।” इस टिप्पणी के अंत में यूजर ने इज़राइल से प्यार भेजने की बात भी कही।