इस कपल के लिए उनकी कार ही बना घर, लॉकडाउन थी वजह

देश-दुनिया में कोरोनावायरस की वजह से लॉकडाउन किया गया हैं और इनका सख्ती से पालन करवाया जा रहा हैं। लॉकडाउन की इस स्थिति में कई लोग किसी जगह पर फंसे रह गए और अपने घर नहीं जा पा रहे है। ऐसा ही कुछ हुआ इंग्लैंड के रहने वाले एक कपल के साथ जो वर्ल्ड टूर (विश्व भ्रमण) पर अपनी कार से निकले थे लेकिन लॉकडाउन की वजह से फिलहाल अमेरिका के मियामी में फंसे हुए हैं। ऐसे में उन्होंने अपनी कार को ही अपना घर बना लिया है, क्योंकि इसके अतिरिक्त उनके पास और कोई उपाय भी नहीं था।

इस दंपति का नाम है एल्डो गियाक्विंटो और वीरा कोजलोवास्कै। उनकी गाड़ी पिछले दो हफ्तों से मियामी में वॉलमार्ट की पार्किंग लॉट में पार्क है और उन्होंने उसे ही अपना आशियाना बना लिया है। उनकी कार में एक मिनी किचन भी है, जिसमें वो आराम से खाना बनाते हैं। एल्डो के मुताबिक, उनके पास खाने के लिए पर्याप्त सामान मौजूद हैं। इसके अलावा कार के अंदर ही एक पोर्टेबल बेड भी रखा हुआ है, जिसपर वो चैन की नींद लेते हैं। एल्डो का कहना है कि लॉकडाउन की वजह से उनकी जिंदगी में कुछ नहीं बदला है। उन्होंने यह भी बताया कि दोनों पति-पत्नी फिलहाल स्वस्थ हैं।
दरअसल, एल्डो पेशे से एक शेफ हैं। इंग्लैंड में उनका 'फिश एंड चिप्स' रेस्टोरेंट था। वहीं उनकी पत्नी वीरा आईटी सेक्टर में थीं, लेकिन साल 2016 में वो अपना काम-धंधा छोड़ विश्व भ्रमण के लिए निकल गए। वो अब तक पांच महाद्वीपों के 50 देश घूम चुके हैं। उनका कहना है कि जैसे ही लॉकडाउन खत्म होगा, वो फिर से अपनी यात्रा शुरू करेंगे।आपको बता दें कि दुनियाभर में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। इस वायरस की वजह से दुनियाभर में अब तक एक लाख 45 हजार से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं और संक्रमित मरीजों की संख्या 22 लाख के करीब पहुंच गई। हालांकि खुशी की बात यह है कि पांच लाख से ज्यादा कोरोना संक्रमित लोग ठीक भी हो चुके हैं।